IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स का बड़ा ऐलान, इनको बनाया हेड कोच…

Spread the love

नई दिल्ली:- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एक बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर खान का लक्ष्य अगले साल होने वाले IPL में चेन्नई को उसका छठा खिताब दिलाना होगा। गौरतलब है कि जहीर खान के पास IPL में कोचिंग का बेहद अच्छा अनुभव है।
जहीर कई टीमों को दे चुके हैं कोचिंग
साल 2017 में आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद जहीर खान ने लीग में कई अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया है। अपने आईपीएल करियर के दौरान वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमों का हिस्सा रहे। इसके बाद 2019 के आईपीएल से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें क्रिकेट ऑपरेशंस के डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया। आगे चलकर उन्होंने टीम के ग्लोबल डेवलपमेंट हेड की जिम्मेदारी भी संभाली।

हाल ही में जहीर लखनऊ सुपर जायंट्स से भी जुड़े थे। उन्हें आईपीएल 2025 के लिए टीम का मेंटर बनाया गया था, लेकिन अगले सीजन की शुरुआत से पहले ही उन्होंने फ्रेंचाइजी से अलग होने का निर्णय ले लिया।

अब जहीर CSK में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे, जो 2009 से 2026 तक लगभग 18 साल तक चेन्नई की कोचिंग की कमान संभालते रहे। फ्लेमिंग ने पिछले वर्षों में चेन्नई सुपर किंग्स की कामयाबी में अहम योगदान दिया था। अब उनका फ्रेंचाइजी के साथ लंबा जुड़ाव समाप्त हो चुका है। वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ नई भूमिका में जुड़ गए हैं और जुलाई में उन्हें इंग्लैंड मेन्स टेस्ट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था।

जहीर ने CSK से जुड़ने पर जताया आभार
जहीर खान के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के कोच की जिम्मेदारी उनके कोचिंग करियर में एक अहम पड़ाव साबित हुई है। खिलाड़ी के रूप में जहीर खान ने आईपीएल में 100 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 27.27 की औसत से 102 विकेट चटकाए। भारत के लिए उनका अंतरराष्ट्रीय सफर भी बेहद सफल रहा, जहां तीनों फॉर्मेट मिलाकर उन्होंने कुल 610 विकेट हासिल किए।

CSK से जुड़ने के बाद जहीर ने कहा कि इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी रहते हुए उन्होंने चेन्नई के खिलाफ मैच खेलने का खूब आनंद लिया। जहीर ने चेपॉक में सुपरफैंस द्वारा बनाए जाने वाले माहौल को खास करार दिया और कहा कि वह समृद्ध इतिहास वाली इस फ्रेंचाइजी की विरासत से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

टीम की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने जहीर का स्वागत करते हुए कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। जहीर का शानदार क्रिकेट करियर और युवा खिलाड़ियों को निखारने की उनकी क्षमता उन्हें हमारी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण सदस्य बनाती है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में इस फ्रेंचाइजी की नींव और अधिक मजबूत होगी।