बकरीद बाजार में छाया इतने लाख का ‘VIP भैंसा’, रोज पीता है 10 किलो दूध, खाता है काजू-बादाम और देसी घी…

Spread the love

नई दिल्ली:– बकरीद 2026 से पहले उत्तर प्रदेश के हापुड़ पशु बाजार में एक ऐसा भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसकी कीमत और शाही ठाठ सुनकर हर कोई हैरान रह जा रहा है। बाजार में बिकने आए इस खास भैंसे की कीमत 31 लाख रुपए बताई जा रही है। पशु व्यापारी का दावा है कि अब तक इसकी 21 लाख रुपए तक बोली लग चुकी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि बकरीद तक इसकी कीमत और बढ़ सकती है।

यह भैंसा सिर्फ अपनी ऊंची कीमत की वजह से ही नहीं, बल्कि अपने वीआईपी खानपान और लग्जरी देखभाल के कारण भी चर्चा में है। पशु व्यापारी के अनुसार, भैंसे को रोज सुबह और शाम पांच-पांच किलो दूध पिलाया जाता है। इसके अलावा इसे काजू, बादाम समेत कई ड्राई फ्रूट्स खिलाए जाते हैं। इतना ही नहीं, इसकी ताकत और चमक बनाए रखने के लिए रोज करीब 2 किलो देसी घी भी खिलाया जाता है।
भैंसे की फिटनेस बनाए रखने के लिए हर दिन करीब दो घंटे तक मसाज की जाती है। व्यापारी का कहना है कि इस खास देखभाल और डाइट की वजह से भैंसा बेहद ताकतवर और आकर्षक दिखता है। बाजार में आने वाले लोग इसकी विशाल कद-काठी और चमकदार शरीर को देखकर तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।

हापुड़ के इस मशहूर पशु बाजार में दूर-दराज जिलों से खरीदार और पशु प्रेमी पहुंच रहे हैं। हर कोई इस “VIP भैंसे” की कीमत, डाइट और रॉयल लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा करता नजर आ रहा है। हर साल बकरीद से पहले बाजार में कई महंगे और अनोखी नस्ल के पशु सुर्खियों में आते हैं, लेकिन इस बार 31 लाख का यह भैंसा सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है।