मध्यप्रदेश :– राजधानी भोपाल के लिए आज का दिन कई मायनों में अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भोपाल सांसद आलोक शर्मा आधुनिक सुविधाओं से लैस निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। नए स्टेशन के शुरू होने से राजधानी के उत्तर क्षेत्र और आसपास के इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का नियमित ठहराव अब निशातपुरा स्टेशन पर भी होगा। इसके अलावा यात्रियों को सीधे इस स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की सुविधा मिलने से मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। मतदान से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में पूरी ताकत लगाएंगे। स्टार प्रचारकों, वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की जनसभाएं एवं रोड शो आयोजित किए जाएंगे। प्रत्याशी भी अंतिम दौर के जनसंपर्क के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश करेंगे ताकि मतदान से पहले चुनावी माहौल अपने पक्ष में बनाया जा सके।
भोपाल स्थित मंत्रालय में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत, प्रशासनिक और विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। बैठक समाप्त होने के बाद सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
मध्यप्रदेश में अगले तीन दिन भारी बारिश के आसार
प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ और दो सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। आज सतना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, रायसेन और बैतूल सहित 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, नर्मदापुरम समेत 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर 28 से 30 जुलाई तक देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।हालांकि अब तक प्रदेश में औसतन 13.2 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 17 प्रतिशत कम है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिन भर व्यस्त रहेंगे, कार्यक्रम के लिए जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक सीएम 10:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। जहां पर वह 11:00 बजे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के बाद 01:00 बजे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होंगे, साथ ही इस बीच 01:30 बजे मुलाकात कार्यक्रम में भी शामिल शिरकत करेंगे। फिर 02:30 बजे पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। 4:00 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। जिसके बाद सीएम 05:15 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। 05:30 बजे निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन संचालन का शुभारंभ करेंगे।
