छत्तीसगढ़ :- युवाओं के लिए रोजगार के लिहाज से बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के तहत भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।
इस भर्ती के तहत सबसे अधिक 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के रखे गए हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी।
5 से 27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदनकैलेंडर देखें
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक मिलेगा।
10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा
भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क की वापसी
इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।छत्तीसगढ़ राज्योत्सव
भर्ती में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी, नियम एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।
