धान की अवैध ढुलाई पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन दिनों में 9 वाहन जब्त

Spread the love

राजनांदगांव:-पाटेकोहरा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है।

इसी क्रम में पाटेकोहरा परिवहन चेक पोस्ट पर लगातार रात्रिकालीन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

18 नवंबर की रात परिवहन उप निरीक्षक मनोहर साहू ने वाहन जांच के दौरान 337 क्विंटल धान का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया। कार्रवाई के बाद वाहन को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग (खाद्य विभाग) के सुपुर्द कर दिया गया।


परिवहन विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में पाटेकोहरा चेक पोस्ट पर कुल 9 धान से लदे वाहनों को पकड़कर खाद्य विभाग को सौंपा जा चुका है। वहीं 19 नवंबर की रात्रि जांच के दौरान भी तीन वाहन अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पाए गए, जिन्हें जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचना भेजी गई है। विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।


प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसान बड़ी संख्या में अपनी उपज मंडियों तक पहुंचा रहे हैं।

इसी का फायदा उठाकर दूसरे राज्यों से भी कुछ लोग अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए पाटेकोहरा चेक पोस्ट पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। परिवहन विभाग का कहना है कि अवैध धान परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।