Headlines

इबोला को लेकर अलर्ट मोड में ये प्रदेश एयरपोर्ट पर शुरू हुई स्क्रीनिंग…

Spread the love

नई दिल्ली:– वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस के मामलों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर विशेष स्क्रीनिंग व्यवस्था लागू कर दी गई है, जहां आने वाले यात्रियों की थर्मल जांच और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। फिलहाल राज्य में किसी भी इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

एयरपोर्ट पर अलग काउंटर और मेडिकल टीम तैनात
रायपुर एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष जांच काउंटर स्थापित किए हैं। यहां तैनात मेडिकल टीम यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच कर रही है, खासकर उन लोगों की जो हाल ही में अंतरराष्ट्रीय यात्रा से लौटे हैं या अफ्रीकी देशों से होकर आए हैं। बुखार, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखने पर यात्रियों को तुरंत अलग रखने और जांच करने की व्यवस्था की गई है, साथ ही एयरपोर्ट परिसर में प्राथमिक आइसोलेशन सुविधा भी तैयार रखी गई है।

संदिग्ध लक्षणों पर तुरंत आइसोलेशन की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यदि किसी यात्री में इबोला के संभावित लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे तत्काल आइसोलेशन में रखा जाएगा और आगे की मेडिकल जांच की जाएगी। एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क और निगरानी काउंटर भी सक्रिय किए गए हैं, जहां यात्रियों को संक्रमण से जुड़ी जानकारी और बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

केंद्र और WHO की चेतावनी के बाद बढ़ी सतर्कता

अफ्रीकी देशों, विशेषकर कांगो और युगांडा में इबोला मामलों में बढ़ोतरी के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कई देशों को अलर्ट किया है। इसके बाद भारत सरकार ने भी सभी राज्यों को सतर्क रहने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि देश में अभी तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।

जिलों को निर्देश, अन्य जगहों पर भी बढ़ेगी निगरानी

छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर के अलावा अन्य प्रमुख शहरों में भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी जागरूकता अभियान चलाए जाने की संभावना है।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य के अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि संक्रमण फैलने का जोखिम भले ही कम हो, लेकिन शुरुआती सतर्कता बेहद जरूरी है। एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग और निगरानी का यह अभियान अगले आदेश तक जारी रहेगा, जबकि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।