नई दिल्ली : मेकअप ब्रश का सही तरीके से इस्तेमाल करना मेकअप को परफेक्ट और प्रोफेशनल लुक देने में मदद करता है। हर ब्रश का अपना अलग काम और उपयोग होता है, जिसके बारे में आपको अवश्य जानना चाहिए।
मेकअप न सिर्फ सुंदरता बढ़ाने का एक जरिया है, बल्कि इसके इस्तेमाल से हर किसी का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। आज के समय में न सिर्फ महिलाएं, बल्कि पुरुष भी अपने चेहरे की रंगत को और सुधारने और इसे खूबसूरत बनाने के लिए मेकअप का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि बाजार में हर स्किन टोन और स्किन टाइप के हिसाब से अब मेकअप मिलता है।
मेकअप करना एक आर्ट है, जिसे अगर सही से नहीं किया जाए तो लुक बिगड़ भी सकता है। इस कला में ब्रश का काफी योगदान है। हर तरह के मेकअप के लिए अलग टाइप का ब्रश इस्तेमल किया जाता है। बहुत से लोगों को ये ही नहीं पता होता कि कौन से ब्रश का इस्तेमाल किस मेकअप के लिए किया जाता है। यहां हम आपको इसी बारे में बताने जा रहे हैं।
फाउंडेशन ब्रश
वैसे तो ज्यादातर लोग फाउंडेशन के इस्तेमाल के लिए ब्लैंडर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इसे ब्रश की सहायता से भी लगाया जाता है। इसका ब्रश फ्लैट होता है, जिससे फाउंडेशन को समान रूप से लगाया जा सके। इसके इस्तेमाल के लिए आपको साधारण तरह से फाउंडेशन लगाना है और फिर ब्रश के सहायता है इसे सही से फैलाना है।
कंसीलर ब्रश
यदि आप कंसीलर का इस्तेमाल करते हैं, तो इसके सही ब्रश के बारे में आपको अवश्य ही पता होना चाहिए। यह ब्रश देखने में छोटा, पतला और फ्लैट होता है। इसका इस्तेमाल काफी आसान है। इस्तेमाल के लिए आंखों के नीचे, दाग-धब्बों या रेडनेस पर कंसीलर लगाकर ब्रश की सहायता से धीरे-धीरे ब्लेंड करें।
पाउडर ब्रश
इसका इस्तेमाल हर कोई काफी ज्यादा करता है। ये देखने में बड़ा और फूला हुआ होता है। इस्तेमाल के लिए आप चेहरे पर लूज पाउडर या कॉम्पैक्ट पाउडर को सेट करने के लिए हल्के हाथों से इसे लगाएं। ध्यान रखें कि इसे आपको त्वचा पर रगड़ना नहीं है।
ब्लश ब्रश
चेहरे की लालिमा को बरकरार रखने के लिए ब्लश का इस्तेमाल किया जाता है। जिस ब्रश से ब्लश लगाया जाता है, उसका आकार थोड़ा एंगल्ड या गुम्बद के आकार का होता है। ब्रश के इस्तेमाल के लिए ब्लश को गालों पर हल्के से लगाएं और ऊपर की ओर ब्लेंड करें। इसकी सहायता से ब्लश सही से लगेगा।
हाइलाइटर ब्रश
आजकल मेकअप में लड़कियों को हाइलाइटर लगाना काफी पसंद आता है। इसके लिए सही ब्रश का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी होता है। हाइलाइटर वाला ब्रश पंखे के आकार का होता है। ब्रश की सहायता से हाइलाइटर लगाकर आप गालों की हड्डियों, नाक और ब्रो बोन पर हाइलाइट कर सकते हैं।
आईशैडो ब्रश
अगर सही आईमेकअप चाहते हैं तो सही आईशैडो ब्रश का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। आईशैडो ब्रश देखने में छोटा और फ्लैट होता है, जिससे आईशैडो को पलकों पर आसानी से लगाया जा सके। इसके इस्तेमाल से आंखों पर आईशैडो काफी अच्छे से लगता है।
लिप ब्रश
वैसे तो लिपस्टिक के साथ ब्रश आता ही है, लेकिन आप चाहें तो अतिरिक्त ब्रश की सहायता से भी लिपस्टिक लगा सकती हैं। लिपस्टिक ब्रश देखने में छोटा और पतला होता है। इसके इस्तेमाल से आप लिपस्टिक और लिप लाइनर दोनों सही से लगा सकते हैं।
