Headlines

NRLM संविदा भर्ती में पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया संपन्न, 18 स्वीकृत पदों में से 17 पर हुआ चयन

Spread the love

छत्तीसगढ़:-डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति व्यक्त किया आभार, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत जिला राजनांदगांव में विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 18 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 17 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह जी ने भर्ती प्रक्रिया के सफल संचालन एवं पारदर्शिता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में किए जा रहे प्रयास युवाओं के विश्वास को मजबूत करने वाले हैं।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के सृजन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधनों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। NRLM जैसे मिशन ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के साथ-साथ विभिन्न पदों के माध्यम से युवाओं को कार्य करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। इसके पश्चात लेखापाल, लेखा सह एमआईएस सहायक एवं क्षेत्रीय समन्वयक पदों के लिए लिखित परीक्षा तथा कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए कौशल परीक्षा आयोजित की गई। 7 अक्टूबर को 67 तथा 8 अक्टूबर को 19 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 86 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्न-पत्र सीलबंद अवस्था में जिला कोषालय में सुरक्षित रखे गए थे। परीक्षा के दिन डिप्टी कलेक्टर द्वारा प्रश्न-पत्र प्राप्त कर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाए गए। 8 अक्टूबर को जिला पंचायत कार्यालय में विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक पद के लिए साक्षात्कार तथा भृत्य पद के लिए दस्तावेज परीक्षण संपन्न हुआ। चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में पदवार एवं प्रवर्गवार निर्धारित 1:10 सूची के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को ही सम्मिलित किया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 7 एवं 8 अक्टूबर को संबंधित परिणाम उसी दिन जिला राजनांदगांव की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए गए।

भर्ती विवरण के अनुसार विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक के 2, क्षेत्रीय समन्वयक के 9, लेखापाल के 2, कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 2, लेखा सह एमआईएस सहायक के 2 तथा भृत्य के 1 पद सहित कुल 18 पद स्वीकृत थे। इनमें से 17 पदों पर चयन हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण आजीविका मिशन को सशक्त बनाना प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित अभ्यर्थी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।