Headlines

अमेरिका में ASCO द्वारा सम्मानित हुए डॉ. अविनाश तिवारी, लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

Spread the love

छत्तीसगढ़:–संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल के पेलिएटिव मेडिसिन, पेन एवं सपोर्टिव केयर विशेषज्ञ डॉ. अविनाश कुमार तिवारी को अमेरिका में आयोजित विश्व के प्रतिष्ठित कैंसर सम्मेलन के दौरान Conquer Cancer – The ASCO Foundation द्वारा International Development & Education Award 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पेलिएटिव मेडिसिन एवं कैंसर रोगियों की समग्र देखभाल के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भारत लौटे डॉ. तिवारी का रायपुर एयरपोर्ट पर संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल एवं जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (JCI) के पदाधिकारियों, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. यूसुफ मेमन, JCI अध्यक्ष डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. निखिल मोटिरामानी, डॉ. विनीता, पेलिएटिव मेडिसिन टीम तथा नर्सिंग स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डॉ. अविनाश तिवारी ने इस उपलब्धि को अपने माता-पिता, संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ चिकित्सकों तथा JCI परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने बताया कि अमेरिका में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक सत्रों, कार्यशालाओं और विशेषज्ञ चर्चाओं से प्राप्त अनुभवों को वे भारत में कैंसर रोगियों की बेहतर देखभाल और पेलिएटिव सेवाओं के विकास में उपयोग करेंगे।

संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. यूसुफ मेमन ने डॉ. तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ और संजीवनी परिवार के लिए भी गर्व का विषय है। वहीं JCI अध्यक्ष डॉ. मनीष गुप्ता ने कहा कि डॉ. तिवारी की यह सफलता युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि समर्पण और निरंतर सीखने की भावना से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

डॉ. तिवारी की इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।