कोरबा :- कोरबा की धरती से जुड़े आनंद कुमार पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में चीफ फाइनेंस एंड बजट ऑफिसर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे आनंद पांडेय ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने पहुंचे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
आनंद पांडेय का कोरबा से गहरा पारिवारिक जुड़ाव है। उनके पिता डीपी पांडेय बालको में लंबे समय तक शीर्ष पद पर कार्य करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं वे आयुष मेडिकल संगठन के संरक्षक डॉ. रमेशचंद्र पांडेय के भतीजे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे आनंद के कारण उनके परिवार और परिचितों में उत्साह का माहौल है। आनंद कुमार पांडेय की पेशेवर यात्रा संयुक्त राष्ट्र की इंटरनेशनल सिविल सर्विस कमीशन की चयन प्रक्रिया से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां संभालीं। इनमें ऑफिस ऑफ लीगल अफेयर्स, यूनाइटेड नेशंस ज्वाइंट स्टाफ पेंशन फंड, ट्रीटी सेक्शन, फाइनेंशियल पॉलिसी सेक्शन और फाइनेंशियल रिस्क मैनेजमेंट सेक्शन शामिल हैं। वित्तीय प्रबंधन और बजट से जुड़े क्षेत्र में अनुभव के बाद उन्हें संयुक्त राष्ट्र में चीफ फाइनेंस एंड बजट ऑफिसर की जिम्मेदारी मिली है। वैश्विक संस्था में महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बावजूद आनंद पांडेय का कोरबा से पारिवारिक जुड़ाव बना हुआ है। उनकी उपलब्धि को कोरबा के लिए गौरव के रूप में देखा जा रहा है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर से उनकी मुलाकात ने इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
कोरबा के आनंद पांडेय ने विदेश मंत्री से की मुलाकात संयुक्त राष्ट्र में चीफ फाइनेंस एंड बजट ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल रहे यहां से जुड़ा है पारिवारिक नाता…
