मासूम की जिंदगी छिन गई! एक परिवार का संसार उजड़ गया।
कोरबा / सात वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या का मामला केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, समाज की चेतना को झकझोर देने वाली घटना है। ऐसे जघन्य अपराध के लिए आक्रोश स्वाभाविक है। यह आक्रोश मजबूत जांच, प्रभावी अभियोजन और न्यायालय से कठोरतम सजा सुनिश्चित कराने के संकल्प में बदले।
पुलिस बच्ची से बलात्कार और हत्या के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी इस गंभीर मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई है; आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।
*गिरफ्तारी बाद आक्रोश*
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर जांच के लिए लेकर पहुंची, जहां ग्रामीण जुट गए और कड़ी सजा की मांग करने लगे। तनाव बढ़ने पर पुलिस आरोपी को वहां से ले गई ग्रामीणों ने रजगामार पुलिस चौकी का घेराव किया।
जन आक्रोश एक गंभीर सवाल सामने रखता है—बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की जिम्मेदारी जमीन पर कितनी प्रभावी है? हर अभिभावक को यह भरोसा मिलना चाहिए कि उसका बच्चा घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित है।
कोरबा पुलिस टीम को बधाई, अब न्याय तक पहुंचे कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी कोरबा पुलिस बालकों पुलिस और जांच टीम बधाई के पात्र है। गंभीर अपराध के आरोपी तक पहुंचना महत्वपूर्ण कदम है। अब इस कार्रवाई को न्यायायिक निर्णायक तक पहुंचाने के लिए उतनी ही संवेदनशीलता और दृढ़ता जरूरी है।
फॉरेंसिक साक्ष्यों का संरक्षण, गवाहों के बयान, घटनाक्रम की प्रमाणिक पड़ताल और मजबूत आरोपपत्र—इनमें किसी स्तर पर चूक की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को नियमित जानकारी, सुरक्षा और आवश्यक सहायता मिले। अभियोजन पूरी तैयारी के साथ पक्ष रखे, ताकि दोष सिद्ध होने पर अपराधी को कानून के अंतर्गत उपलब्ध कठोरतम सजा मिले।
न्याय की मांग इतनी मजबूत हो कि अदालत में साक्ष्य बोलें और दोषी जवाबदेही से बच न सके।
अवैध कारोबार पर लगातार प्रहार हो पुलिस प्रशासन बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए अवैध उत्पात के विरुद्ध निरंतर अभियान व्यापक जनसुरक्षा के लिए शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
रिहायशी क्षेत्रों, स्कूलों के आसपास और सुनसान रास्तों पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए। संवेदनशील स्थानों की पहचान हो, शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया मिले और गुमशुदा बच्चों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता बने।
मासूम के लिए न्याय, हर बच्चे के लिए सुरक्षा
