Headlines

रक्षाबंधन से पहले बहनों को सौगात, अगले सप्ताह से यहां से चलेंगी तीन इंटरसिटी…

Spread the love

नई दिल्ली:– मदन महल रेलवे स्टेशन से अगले सप्ताह तीन इंटरसिटी ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
मदन महल तक विस्तार देने की स्वीकृति
रक्षाबंधन से पहले यात्रियों को रीवा, अंबिकापुर और सिंगरौली के लिए इंटरसिटी ट्रेन की सुविधा मदन महल स्टेशन से मिलने लगेगी। रेलवे बोर्ड ने मुख्य स्टेशन (जबलपुर जंक्शन) से संचालित इन तीनों इंटरसिटी ट्रेनों को मदन महल तक विस्तार देने की स्वीकृति दी है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के बाद अब इन ट्रेनों का प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन मदन महल होगा।
तीन और ट्रेनों के जुड़ने से शहर की बड़ी आबादी को राहत
वर्तमान में मदन महल से जबलपुर-रानी कमलापति के बीच चलने वाली जनशताब्दी ही ऐसी ट्रेन है, जिसका संचालन मदन महल से शुरू होकर यहीं समाप्त होता है। तीन और ट्रेनों के जुड़ने से शहर की बड़ी आबादी को रीवा, अंबिकापुर और सिंगरौली की ट्रेन पकड़ने के लिए जबलपुर मुख्य स्टेशन तक नहीं जाना पड़ेगा।
इस समय होगा मदन महल में आगमन और प्रस्थान
रीवा इंटरसिटी : गाड़ी संख्या 22190 रीवा-मदन महल एक्सप्रेस सुबह 5.45 बजे रीवा से चलकर सुबह 9.46 बजे जबलपुर और सुबह 10.07 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में 22189 मदन महल-रीवा एक्सप्रेस शाम 5 बजे मदन महल से रवाना होकर 5.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

अंबिकापुर इंटरसिटी : गाड़ी संख्या 11266 अंबिकापुर-मदन महल एक्सप्रेस सुबह 6.15 बजे अंबिकापुर से चलकर दाेपहर 2.55 बजे जबलपुर और 3.20 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में 11265 मदन महल-अंबिकापुर दोपहर 12.25 बजे मदन महल से रवाना होगी।

सिंगरौली इंटरसिटी : गाड़ी संख्या 11652 सिंगरौली-मदन महल एक्सप्रेस सुबह 4.40 बजे सिंगरौली से चलकर सुबह 11.25 बजे जबलपुर और दोपहर 12.05 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में 11651 मदन महल-सिंगरौली शाम 4.05 बजे मदन महल से रवाना होगी।

मुख्य स्टेशन पर घटेगा दबाव
तीनों ट्रेनों के मदन महल तक विस्तार से मुख्य स्टेशन पर प्लेटफार्म का दबाव कम होगा। अभी रैक को अगले फेरे तक प्लेटफार्म पर खड़ा करना पड़ता है, जिससे अन्य ट्रेनों के संचालन में परेशानी होती है।