नई दिल्ली : कपूर में एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो स्कैल्प को साफ और स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। ऐसे में कपूर का उपयोग रूसी को हटाने के लिए किया जा सकता है।
सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोग एक बड़ी समस्या से घिर जाते हैं, वो समस्या है सिर पर डैंड्रफ का जमना। सिर पर रूसी का जमना एक सामान्य लेकिन परेशान करने वाली समस्या है। यह मुख्यतः स्कैल्प की सूखी त्वचा, फंगल संक्रमण, या स्कैल्प पर अधिक तेल जमा होने के कारण हो सकती है। सर्दियों में बहुत गर्म पानी से बाल धोने के कारण त्वचा सूख सकती है, जिसकी वजह से रूसी की समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
वैसे तो इस परेशानी के समाधान के लिए सैलून में कई तरह के ट्रीटमेंट होते हैं, लेकिन इन ट्रीटमेंट को लेने के लिए काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में हम आज यहां आपको कपूर के इस्तेमाल से रूसी का खात्मा करना सिखाएंगे। दरअसल, एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो सिर पर जमी रूसी को कम करने में मदद करते हैं। तो चलिए बिना देर किए इसके इस्तेमाल का सही तरीका बताते हैं।
तेल के साथ कपूर का इस्तेमाल
कपूर का इस्तेमाल रूसी हटाने के लिए करना चाहते हैं, तो ये सबसे आसान तरीका है। इसके लिए कपूर को नारियल तेल या बादाम तेल के साथ मिलाकर लगाया जा सकता है। इसके लिए आपको एक चम्मच नारियल तेल और 1/4 चम्मच कपूर पाउडर की जरूरत पड़ेगी।
इस्तेमाल की विधि
इस विधि से कपूर का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले नारियल के तेल को हल्का गर्म करें। अब इसमें कपूर पाउडर मिलाएं और अच्छे से घोल लें। इस मिश्रण को स्कैल्प पर लगाकर धीरे-धीरे मसाज करें। इसे 30-40 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद अपने बालों को धो लें।
कपूर और नींबू का मिश्रण
नींबू का रस और कपूर का मिश्रण स्कैल्प को साफ करने में मदद करता है। इस विधि से कपूर को इस्तेमाल करने के लिए आपको 1 चम्मच नींबू का रस और 1/4 चम्मच कपूर पाउडर की जरूरत पड़ेगी।
इस्तेमाल की विधि
इसके लिए नींबू के रस में कपूर पाउडर मिलाएं। इसे सीधे स्कैल्प पर लगाएं। 15-20 मिनट के बाद गुनगुने पानी से बाल धो लें। इसका असर आपको कुछ ही दिनों में दिखने लगेगा । इसके इस्तेमाल से फंगल संक्रमण में मदद मिलती है।
कपूर और दही का हेयर मास्क
कपूर और दही का हेयर मास्क स्कैल्प को पोषण देता है और रूसी हटाने में मदद करता है। इसके लिए आपको 2 चम्मच ताजा दही और 1/4 चम्मच कपूर पाउडर की जरूरत पड़ेगी।
इस्तेमाल की विधि
इसके इस्तेमाल के लिए दही में कपूर पाउडर मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 30 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर अपने बालों को माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें। इसके इस्तेमाल से भी रूसी हटने लगती है।
