Headlines

संस्कारधानी में होगा प्रदेश का सबसे बड़ा दही-हांडी उत्सव मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज होंगे शामिल, विजेता टोली को 11 लाख का इनाम…

Spread the love

छत्तीसगढ़ –की संस्कारधानी रायपुर की गुढ़ियारी इस बार फिर कृष्ण भक्ति और उत्साह का संगम बनने जा रही है। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 17 अगस्त, रविवार शाम 4 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में 16वां विशाल दही-हांडी महोत्सव धूमधाम से आयोजित होगा।

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस बार आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, पार्टी के महामंत्री, संगठन मंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ नेता और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को प्रदेश के लिए “गौरव का विषय” बताया।

छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से मशहूर गोविंदा टोलियां इसमें भाग लेंगी। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, कवर्धा की 25 से अधिक टोलियां और कई महिला टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी।

विजेता टोली को ₹11 लाख, 50 लोगों की टोली को ₹11 हजार और 100 लोगों की टोली को ₹21 हजार का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। इससे यह आयोजन प्रदेश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित दही-हांडी महोत्सव बन गया है।

मनोरंजन के लिए इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। भजन गायिका गीता बेन रबारी अपने भजनों से माहौल को कृष्णमय करेंगी। साथ ही पूनम-दिव्या तिवारी और ओडिशा के कलाकारों द्वारा “घंटा बाजा” व ग्रीस चढ़ा खंभा प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण होंगी।

हजारों दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पुलिस बल, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र की सुविधा रहेगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी।

बसंत अग्रवाल ने बताया कि 2010 में महावीर स्कूल के पास शुरू हुआ यह आयोजन आज देशभर में अपनी पहचान बना चुका है। कोरोना काल के दो साल रुकने के बाद यह अपने 16वें वर्ष में और भी भव्य रूप में लौट आया है।