नई दिल्ली : मकर संक्रांति पर गजक खाने की परंपरा है। ऐसे में लोग बाजार से भी गजक खरीद कर लाते हैं और बहुत से लोग घर पर गजक बनाते हैं। ऐसे में हम आपको घर पर आसान विधि से गजक बनाने की विधि बताने जा रहे हैं।
मकर संक्रांति भारत के सबसे प्रमुख और पवित्र त्योहारों में से एक त्योहार है, जो हर साल 14 या 15 जनवरी को मनाया जाता है। यह त्योहार मुख्य रूप से सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने और दिनों के लंबे होने की शुरुआत का प्रतीक है।
हिंदी पंचाग के अनुसार इस साल मकर संक्रांति का त्योहार 14 जनवरी को मनाया जाएगा। भारत में इसे अलग-अलग नामों से भी जाना जाता है। इस त्योहार को गुजरात में उत्तरायण, पूर्वी उत्तर प्रदेश में खिचड़ी और दक्षिण भारत में पोंगल के रूप में मनाया जाता है।
उत्तर भारत में मकर संक्रांति के दिन दान का काफी महत्व है। इसी वजह से इस दिन लोग गरीबों को दान देते हैं और खाना खिलाते हैं। इसके साथ-साथ इस दिन गुड़ की गजक खाने की परंपरा है। ऐसे में हम आपको आज घर आसान विधि से बाजार जैसी गजक बनाने की विधि बताने जा रहे हैं।
तिल-गुड़ की गजक बनाने का सामान
सफेद तिल – 1 कप
गुड़ – 1 कप
घी – 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर – 1/2 चम्मच
गजक बनाने का तरीका
गजक बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ और सूखी कढ़ाई गर्म करें। उसमें तिल डालें और धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भूनें। तिल को ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
इसके बाद उसी कढ़ाई में 1 बड़ा चम्मच घी डालें। इसमें कटा हुआ गुड़ और 1/4 कप पानी डालें। इसे धीमी आंच पर चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक गुड़ पूरी तरह पिघलकर गाढ़ी चाशनी न बन जाए। चाशनी को जांचने के लिए एक कटोरी में ठंडा पानी लें। चाशनी की कुछ बूंदें पानी में डालें। यदि यह सख्त होकर टूटने लगे, तो चाशनी तैयार है।
इसके बाद तैयार चाशनी में भुने हुए तिल डालें। तिल मिक्स करने के बाद इसमें इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स करें। सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद एक चिकनी सतह पर थोड़ा घी लगाएं।
तिल और गुड़ के मिश्रण को गर्म ही इस सतह पर फैलाएं। बेलन की मदद से इसे चपटा और समान मोटाई में बेल लें। मिश्रण थोड़ा ठंडा होने के बाद इसे चाकू से मनचाहे आकार में काट लें।
को पूरी तरह ठंडा होने दें, ताकि यह सख्त हो जाए। इसे एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें और मकर संक्रांति पर परिवार और दोस्तों के साथ इसका आनंद लें।