नई दिल्ली : ऑफिस की व्यस्तता के चलते ज्यादातर लोगों के लिए जिम जाना या व्यायाम के लिए एक समय सेट कर पाना कठिन हो सकता है। ऐसे लोगों के लिए रनिंग-वॉकिंग जैसे अभ्यास फायदेमंद माने जाते हैं। आइए 6-6-6 नियम के बारे में जानते हैं जिससे आप कई लाभ पा सकते हैं।
शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए दिनचर्या में सुधार करना सबसे जरूरी माना जाता है। आप दिनभर में क्या खाते हैं, क्या-क्या करते हैं और पूरा दिन किस तरीके से बिताते हैं इन सभी का सेहत पर सीधा असर पड़ता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ नियमित रूप से पौष्टिक चीजों के सेवन के साथ शारीरिक गतिविधियों पर जोर देने की सलाह देते हैं। शारीरिक गतिविधि जैसे नियमित व्यायाम, ज्यादा चलने-कम बैठने वाले उपाय आपकी सेहत को ठीक रखने में मददगार हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऑफिस की व्यस्तता के चलते ज्यादातर लोगों के लिए जिम जाना या व्यायाम के लिए एक समय सेट कर पाना कठिन हो सकता है। ऐसे लोगों के लिए रनिंग-वॉकिंग जैसे हल्के स्तर के एरोबिक अभ्यास काफी फायदेमंद हो सकते हैं। विशेषतौर पर रोजाना वॉक करने को अध्ययनों में सेहत के लिए बहुत लाभप्रद पाया गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, वॉक के लिए आप 6-6-6 नियम का पालन कर सकते हैं, ये आपकी शारीरिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
क्या है 6-6-6 रूल?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वेट लॉस करना हो या हृदय को स्वस्थ रखना नियमित वॉक करना आपके लिए बहुत फायदेमंद है। इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाने और अधिकतम स्वास्थ्य लाभ पाने के लिए आप 6-6-6 रूल का पालन कर सकते हैं।
6-6-6 वॉकिंग रूल आसान और पालन करने योग्य, हल्के स्तर के व्यायाम की योजना है, जिसको अपनाकर बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ पाया है। 6-6-6 वॉकिंग रूल में प्रतिदिन दो बार 60 मिनट का वॉक करना शामिल है- पहला सुबह 6 बजे और दूसरी शाम 6 बजे। इसे पालन में लाकर न सिर्फ आप दैनिक रूप से कितने कदम चलने हैं इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं साथ इसका शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की सेहत पर अच्छा प्रभाव देखा गया है।
वॉक करने के क्या लाभ होते हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जो लोग अक्सर चलते रहते हैं वह कम चलने वाले लोगों की तुलना में अधिक सेहतमंद रहते हैं। कुछ शोध बताते हैं कि रोजाना 10 हजार कदम चलना न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से बचाने में भी मदद करता है।
नियमित रूप से वॉक करने की आदत फेफड़ों की क्षमता को सुधारने से लेकर हृदय को स्वस्थ रखने, वजन कम करने और मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं को दूर करने में बहुत लाभकारी है। सभी लोगों को अपनी सेहत के अनुसार वॉक करने की आदत जरूर बनानी चाहिए।
वजन रहता है कंट्रोल
वॉक करने की आदत कैलोरी बर्न करने में मददगार है। पैदल चलने से आपको कैलोरी बर्न करने में मदद मिल सकती है, जो वजन घटाने में सहायक है। उदाहरण के लिए, 30 मिनट तक तेज गति से चलने से प्रतिदिन लगभग 150 कैलोरी बर्न हो सकती है। वजन कम करने के लिए ये आदत आपके लिए बहुत लाभकारी है। वजन बढ़ना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता रहा है।
हृदय की बीमारियों का कम होता है खतरा
रोजाना 10 हजार कदम चलने से हृदय स्वस्थ रहता है। नियमित चलने की आदत से रक्त संचार बेहतर होता है और कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है। अध्ययनों में पाया गया है कि रक्तचाप बढ़ने से रोकने के लिए भी ये आदत बहुत लाभकारी है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक से बचाव हो सकता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन द्वारा किए गए शोध में पाया गया कि प्रतिदिन कम से कम 10,000 कदम चलने से हृदय रोग का जोखिम 50% तक कम हो सकता है।