नई दिल्ली : कुछ विशेष योगासन शरीर को स्ट्रेच करते हैं, जिससे हड्डियों और मांसपेशियों का विकास होता है। यहां कुछ प्रभावी योगासन बताए गए हैं, जो बेटे की लंबाई बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।
कुछ किशोर जल्दी लंबे हो जाते हैं जबकि कुछ देर से बढ़ते हैं। एक 10 साल के बालक की औसत लंबाई 138-142 सेमी होनी चाहिए। वहीं 14 साल के बालक की लंबाई 162 से 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए। 18 साल के किशोर की लंबाई 173-178 सेमी आदर्श मानी जाती है। 13 से 16 साल के बीच बच्चों में बहुत तेजी से लंबाई बढ़ती है, जिसे “Growth Spurt” कहा जाता है।
हालांकि अगर आपका बच्चा अपनी उम्र में औसत लंबाई से कम है तो प्राकृतिक तरीके से उसकी लंबाई बढ़ाई जा सकती है। बच्चों की लंबाई बढ़ाने में सही पोषण, शारीरिक गतिविधि और योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुछ विशेष योगासन शरीर को स्ट्रेच करते हैं, जिससे हड्डियों और मांसपेशियों का विकास होता है। यहां कुछ प्रभावी योगासन बताए गए हैं, जो बेटे की लंबाई बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।
ताड़ासन
यह आसन पूरे शरीर को खिंचाव देता है और रीढ़ की हड्डी को सीधा रखता है, जिससे लंबाई बढ़ने में मदद मिलती है। ताड़ासन के अभ्यास के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथ सिर के ऊपर उठाएं। अब उंगलियों को आपस में फंसाकर हथेलियों को ऊपर की ओर करें। पैरों की एड़ियों को उठाकर पंजों पर खड़े हों। जितना संभव हो, शरीर को ऊपर की ओर खींचें।
भुजंगासन
यह रीढ़ की हड्डी के लचीलेपन को बढ़ाता है और ऊपरी शरीर को मजबूत करता है। इस आसन के अभ्यास के लिए पेट के बल लेटकर हाथों को कंधों के पास रखें। सांस लेते हुए शरीर के ऊपरी भाग को उठाएं और पीठ को पीछे की ओर झुकाएं। इस मुद्रा में 15-30 सेकंड तक रहें।
सर्वांगासन
यह आसन थायरॉयड ग्रंथि को उत्तेजित करता है, जो लंबाई बढ़ाने वाले हार्मोन को सक्रिय करता है। सर्वांगासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेटकर धीरे-धीरे पैरों को ऊपर उठाएं। कमर को हाथों से सहारा देकर सीधा खड़ा करें। शरीर का भार कंधों और सिर पर रखें।
त्रिकोणासन
यह आसन शरीर को स्ट्रेच करता है और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। लंबाई बढ़ाने के लिए लड़के और लड़कियां इस योगासन का नियमित अभ्यास करें। इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े होकर पैरों को फैलाएं। दाएं पैर को बाहर की ओर घुमाएं और हाथों को कंधे के स्तर पर फैलाएं। दाएं हाथ को नीचे की ओर झुकाएं और बाएं हाथ को ऊपर उठाएं। गर्दन को ऊपर की ओर रखें और कुछ सेकंड तक रुकें।