नई दिल्ली : दिवाली पर वैसे भी बहुत सारे काम होते हैं, ऐसे में रंगोली के लिए टाइम निकालना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। इसी के चलते हम आपको रंगोली बनाने के कुछ ट्रिक्स आपको बताने जा रहे हैं।
वैसे तो हर त्योहार पर रंगोली बनाई जाती है, लेकिन जब बात दिवाली की हो तो रंगोली के बिना दिवाली अधूरी है। पांच दिन चलने वाले इस त्योहार में रंगोली का और भी ज्यादा महत्व है। रंगोली को अलग-अलग रंगों और फूलों से भी बनाया जाता है।
ये रंगोली घर की खूबसूरती को तो बढ़ाती ही है, साथ ही इसका धार्मिक महत्व भी होता है। कहा जाता है कि जिस घर के बाहर रंगोली बनी होती है वहां माता लक्ष्मी जी आती हैं। यदि आप रंगोली बनाने में एक्सपर्ट हैं तब तो कोई दिक्कत नहीं है लेकिन परेशानी सामने आती है उन लोगों के सामने जिनको रंगोली बनाना नहीं आता।
दिवाली पर वैसे भी बहुत सारे काम होते हैं, ऐसे में रंगोली के लिए टाइम निकालना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसी ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिनको फॉलो करके आप घर पर आसानी से रंगोली बना सकते हैं।
फूलों की पत्तियों का करें इस्तेमाल
अगर आपके पास समय कम है और आपको रंगोली बनानी है तो आप फूलों की पत्तियों की मदद ले सकती हैं। रंग बिरंगे फूलों की पत्तियों से आप खूबसूरत सी रंगोली बना कर तैयार कर सकती हैं। इसकी आउट्लाइन बनाने के लिए आप हरे रंग की पत्तियों का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ ही रंगोली के चारों ओर दीपक जला कर रख दें, इससे रंगोली और भी खूबसूरत लगती है।
बाजार में मिलते हैं स्टैंसिल
दिवाली के इतने कामों के साथ अगर आप रंगों के साथ रंगोली बनाने का सोच रही हैं तो स्टैंसिल का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए मार्केट से अपनी पसंद का स्टैंसिल लेकर जिस जगह पर रंगोली बनाना चाहते हैं वहां रखें और अपने पसंद के रंगों को इसमें भर दें। फिर ध्यान से स्टैंसिल को हटा दें। इस तरह आपकी खूबसूरत रंगोली आसानी से बन कर तैयार हो जाएगी ।
सांचे की मदद से रंगोली करें तैयार
रंगोली टूल्स कम समय में सुंदर सी रंगोली बनाने में मदद करते हैं। अगर आप भी अपने घर में रंगोली बना रही हैं तो आपको ये रंगोली टूल्स बाजार से खरीद लें। इनका इस्तेमाल करके आप भी कम समय में परफेक्ट रंगोली बना कर तैयार कर सकती हैं।
दीपक से जगमगाएगी रंगोली
यदि आपके पास समय की कमी है तो आप फूल या फिर रंग से कोई साधारण सी डिजाइन बना कर इसके चारों ओर दीए और कैंडल को सजा दें। इससे आपकी सिम्पल सी रंगोली भी खूबसूरत लगने लगेगी।