नई दिल्ली : गूगल मैप पर रास्ता देखकर लोग अपने गंतव्य तक बड़ी आसानी से पहुंच जाते हैं, लेकिन अगर आप भी गूगल मैप की मदद से सफर कर रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
पहले अगर किसी को कहीं जाना होता था और वहां का रास्ता उसने नहीं देखा तो उसे लोगों से पूछना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है क्योंकि आज के समय में अगर आपको कहीं जाना है और आपको वहां का रास्ता नहीं पता तो आप गूगल मैप की मदद से अपने गंतव्य पर पहुंच सकते हैं। गूगल मैप आपको रास्ता तो बताता है ही, साथ ही ये आपको छोटे रास्ते भी दिखाता है जिससे आप अपने सफर को जल्दी पूरा करके गंतव्य पर समय पर पहुंच सकते हैं। साथ ही ये आपको रास्ते में लगने वाले जाम और यात्रा में कितना समय लगेगा जैसी बाकी जानकारी भी देता है, लेकिन क्या आप जानते हैं इस गूगल मैप से आप दिक्कत में भी पड़ सकते हैं? शायद नहीं, लेकिन ऐसे कुछ मामले सामने आए जिनमें लोगों को गूगल मैप की वजह से अपनी जान तक गंवानी पड़ी। इसलिए आप जब भी गूगल मैप का इस्तेमाल करें तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। तो चलिए जानते हैं इस बारे में…
चली गई 3 दोस्तों की जान
हाल ही में 3 दोस्त बरेली में शादी में जा रहे थे और इन्होंने गूगल मैप की मदद ली। जब वे रामगंगा नदी के ऊपर बने पुल से गुजर रहे थे, तो बीच में पुल बाढ़ की वजह से टूटा था और मैप पर ये अपडेट नहीं था। ऐसे में गाड़ी पुल से नीचे गिर गई और इन तीनों दोस्तों की मौत हो गई।
यही नहीं इसी साल जुलाई महीने में केरल में दो लड़के गूगल मैप की मदद से जा रहे थे। ऐसे में जाना उन्हें अस्पताल जाना था, लेकिन गूगल मैप ने उन्हें नदी में पहुंचा दिया। ऐसे में दोनों लड़के नदी के तेज बहाव में फंस गए। हालांकि, प्रशासन ने जानकारी मिलते ही दोनों लड़कों को बचा लिया।
गूगल मैप का इस्तेमाल करते समय इन बातों का ध्यान रखना जरूरी:-
अगर आप भी गूगल मैप का इस्तेमाल कर कहीं जा रहे हैं तो पहले एक बार मैप को जरूर देख लें कि ये किस रास्ते से ले जा रहा है, ताकि आपको जानकारी रहे
सुनसान रास्तों पर अगर मैप जाने को बोल रहा है तो इन रास्तों पर जाने से बचें। हमेशा मेन सड़क से जाने की कोशिश करें
गूगल मैप एप को अपडेट करना बेहद जरूरी है ताकि, अगर एप पर कोई रूट अपडेट हो तो वो आप की एप पर भी हो
इंटरनेट न चलने पर आप ऑफलाइन मैप डाउनलोड करके रख सकते हैं
मैप पर संदेह हो तो लोकल लोगों की मदद ली जा सकती है।