रायपुर:–सावन के पावन माह में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला, जब मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से हटकेश्वर नाथ मंदिर, महादेव घाट तक विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

इस भव्य धार्मिक आयोजन का नेतृत्व क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राजेश मूणत एवं पूर्व संसदीय सचिव और वरिष्ठ भाजपा नेता मोतीलाल साहू द्वारा किया गया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए महादेव घाट की ओर प्रस्थान किया।

यात्रा के दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर, जलपान, मेडिकल सहायता एवं भजन मंडलियों की विशेष व्यवस्था की गई थी। भगवा रंग में रंगे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ता है।” उन्होंने विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू द्वारा इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि यह यात्रा शिवभक्तों के लिए आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। वहीं, मोतीलाल साहू ने भी कहा कि हर वर्ष इस आयोजन को और भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु जुड़ सकें।

इस पावन अवसर पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, संत-समाज और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।