नई दिल्ली : एलोवेरा का उपयोग त्वचा और बालों की देखभाल के लिए बहुत प्राचीन समय से किया जा रहा है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो इसे चेहरे और बालों को अत्यंत खूबसूरत बनाते हैं।
मौसम बदलने के साथ-साथ बालों और त्वचा में काफी बदलाव देखने को मिलता है। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अपने चेहरे और बालों की खूबसूरती को बरकरार रखने के लिए लोग सर्दी के मौसम में हजारों रूपए स्किन केयर में खर्च कर देते हैं।
यदि आप इतना पैसा खर्च नहीं करना चाहते तो यहां हम आपको एक ऐसे पौधे के बारे में बताने जा रहे हैं, जो चेहरे के साथ-साथ बालों के लिए लिए काफी लाभदायक है। यहां हम बात कर रहे हैं एलोवेरा की, एलोवेरा एक ऐसा पौधा है जिसे औषधीय और सौंदर्य लाभों के लिए जाना जाता है। इसकी गूदेदार पत्तियों से जो जेल निकलता है, उसका इस्तेमाल विभिन्न स्वास्थ्य और त्वचा से संबंधित समस्याओं के समाधान में उपयोग किया जाता है।
यहां हम आपको एलोवेरा से त्वचा और बालों में होने वाले फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं। हालांकि एलोवेरा का अधिक सेवन कुछ मामलों में नुकसान भी पहुंचा सकता है, इसलिए इसका उपयोग करते समय सावधानी बरतें।
त्वचा को करता है हाइड्रेट
यदि आप एलोवेरा जेल का इस्तेमाल नियमित रूप से करते हैं तो ये त्वचा को हाइड्रेट करने में मदद करता है और इसे कोमल बनाता है। यह शुष्क और रुखी त्वचा के लिए बहुत प्रभावी है। ऐसे में हर रोज साफ चेहरे पर एलोवेरा जेल लगाएं और हल्के हाथों से मालिश करें।
मुंहासों को करता है खत्म
एलोवेरा जेल में तमाम तरह के इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पिंपल्स और मुंहासों को कम करने में मदद करते हैं। ऐसे में आप एलोवेरा जेल का इस्तेमाल मुंहासों से प्रभावित त्वचा पर करें और 20 मिनट बाद धो लें।
चेहरे के दाग होंगे कम
एलोवेरा का नियमित उपयोग त्वचा के दाग-धब्बों को हल्का करता है और त्वचा की रंगत निखारता है। इसके इस्तेमाल के लिए भी आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आपको बस हर रोज सोने से पहले त्वचा पर एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करना है।
बालों को रूखापन करता है दूर
एलोवेरा जेल बालों को प्राकृतिक रूप से कंडीशन करता है और उन्हें मुलायम बनाता है। यदि इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं तो हफ्ते में दो बार एलोवेरा जेल को बालों में लगाएं और 30 मिनट बाद धो लें।
डैंड्रफ को करता है खत्म
एलोवेरा में एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो सिर की त्वचा से रूसी हटाने में मदद करते हैं। इसलिए इसका इस्तेमाल रूसी को खत्म करने के लिए किया जाता है। आप चाहें तो एलोवेरा जेल से स्कैल्प की मसाज करें और रूसी के छुटकारा पाएं।
हेयर फॉल होगा कम
एलोवेरा बालों की जड़ों को पोषण देकर बालों का झड़ना रोकने में मदद करता है। इसमें मौजूद प्रोटियोलिटिक एंजाइम डेड स्किन सेल्स को हटाकर बालों के विकास को प्रोत्साहित करते हैं।
