Headlines

क्या आपको धुंधला दिखने की हो रही है दिक्कत? कहीं ये किसी गंभीर बीमारी की संकेत तो नहीं

Spread the love

नई दिल्ली : नेत्र रोग विशेषज्ञ बताते हैं, ड्राई आइज की समस्या हो या मोतियाबिंद इन सभी में आंखों से धुंधला दिखाई देना एक आम लक्षण है। हालांकि कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य स्थितियां भी आंखों की रोशनी को प्रभावित करने लगती हैं।

आंखों को ईश्वर का वरदान माना जाता है, हालांकि दिनचर्या और आहार में गड़बड़ी के कारण आंखों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। यहां तक कि कम उम्र के लोग भी आंखों की तमाम दिक्कतों का शिकार हो रहे हैं। धुंधला दिखाई देना ऐसी ही एक आम समस्या है, जिसके कई संभावित कारण हो सकते हैं। आमतौर पर इसे आंखों की बीमारियों के एक लक्षण के तौर पर देखा जाता है, हालांकि कुछ स्थितियों में ये शरीर में पनप रही किसी गंभीर समस्या का संकेत भी हो सकती है। यही कारण है कि इसे अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।

उम्र बढ़ने के साथ-साथ आंखों से धुंधला दिखने, रोशनी कम होने जैसी कई दिक्कतें हो सकती हैं, हालांकि अगर समय रहते इसपर ध्यान दे दिया जाए तो आप किसी बड़ी समस्या से बचे रह सकते हैं।

धुंधला दिखाई देने के हो सकते हैं कई कारण

नेत्र रोग विशेषज्ञ बताते हैं, ड्राई आइज की समस्या हो या मोतियाबिंद और ग्लूकोमा, इन सभी में आंखों से धुंधला दिखाई देना एक आम लक्षण माना जाता है। हालांकि हर बार ये समस्या आंखों की बीमारियों से संबंधित हो ये जरूरी नहीं है। कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य स्थितियां भी आंखों की रोशनी को प्रभावित करने लगती हैं, जिनपर समय पर ध्यान देना और इलाज प्राप्त करना जरूर हो जाता है। आइए इन समस्याओं के बारे में जानते हैं।

आपको मोतियाबिंद तो नहीं है?

मोतियाबिंद आंखों की एक आम समस्या है जो उम्र बढ़ने के साथ लोगों में देखी जाती रही है। 55 वर्ष की आयु के बाद आमतौर पर मोतियाबिंद होने का खतरा अधिक हो जाता है। हालांकि अध्ययनों में पाया गया है कि ये समस्या बच्चों और वयस्कों को भी प्रभावित कर सकती है। आंकड़ों के अनुसार, बच्चों में मोतियाबिंद के मामले प्रति 10,000 बच्चों में 1 से 15 के बीच हो सकते हैं।

मोतियाबिंद के कारण आपको रंग फीके लग सकते हैं, रात में देखना मुश्किल हो सकता है और आप चकाचौंध के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। इस स्थिति का समय रहते निदान और इलाज जरूर हो जाता है।

आपको ब्लड प्रेशर की दिक्कत तो नहीं?

ब्लड प्रेशर बढ़ना या कम होना दोनों ही सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक है। उच्च रक्तचाप की स्थिति रक्त वाहिकाओं और तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचाकर आपकी आंखों को प्रभावित कर सकती है। इससे दृष्टि हानि, धुंधली दृष्टि या दोहरी दृष्टि जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसी तरह से ब्लड प्रेशर लो होने के कारण भी आपको धुंधला दिखने या आंखों के सामने अंधेरा छाने जैसी समस्या हो सकती है।

इन संकेतों को अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि ब्लड प्रेशर में अनियमितता से हृदय रोग और हार्ट अटैक का जोखिम रहता है।

बढ़ तो नहीं गया है आपका शुगर?

ब्लड प्रेशर की ही तरह से शुगर का बढ़ना भी आपकी आंखों पर असर डाल सकता है। अगर आपका शुगर लेवल ठीक तरह से नियंत्रित नहीं रहता है तो इसके कारण रक्त वाहिकाओं की समस्या होने लगती है। मधुमेह से पीड़ित लोगों में रेटिनोपैथी तथा आंखों की अन्य समस्याओं का खतरा अधिक होता है। अगर आपको भी कुछ समय से धुंधला दिख रहा हो तो इसकी जांच कराएं। हाई शुगर की स्थिति को अगर बिना उपचार के छोड़ दिया जाए तो इसके कारण कई गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं।