कोरबा:– जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 8 पुलिस अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना का आदेश जारी किया है। आदेश के बाद जिले के कई महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। इस फेरबदल में दीपका, करतला, लेमरू, कटघोरा, पाली और अजाक थाना शामिल हैं।
धर्मनारायण तिवारी बने थाना प्रभारी दीपका

जारी पदस्थापना आदेश के अनुसार निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को रक्षित केंद्र कोरबा से स्थानांतरित करते हुए थाना प्रभारी दीपका की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक गणेश राम यादव को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना प्रभारी करतला बनाया गया है। निरीक्षक लोकनाथ यादव को भी रक्षित केंद्र कोरबा से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी लेमरू पदस्थ किया गया है।
कटघोरा थाने में एक साथ तीन अधिकारियों की पदस्थापना
फेरबदल के तहत कटघोरा थाना भी चर्चा में है। उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू को थाना प्रभारी दीपका के पद से हटाकर थाना प्रभारी कटघोरा बनाया गया है। इसी तरह उप निरीक्षक सुमन लाल पोया, जो थाना प्रभारी लेमरू के पद पर पदस्थ थे, उन्हें थाना कटघोरा भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक चन्द्रपाल खाण्डे को थाना प्रभारी करतला के पद से हटाकर थाना कटघोरा में पदस्थ किया गया है।
पाली और अजाक में भी बदली जिम्मेदारी
सहायक उप निरीक्षक भानु प्रताप कुर्रे को थाना अजाक से स्थानांतरित कर थाना पाली में पदस्थ किया गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक महिपाल सिंह के पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें थाना अजाक में पदस्थ किया गया है।
तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर देनी होगी आमद
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को अपनी नई पदस्थापना स्थल पर तत्काल आमद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के कई प्रमुख थानों में हुए इस फेरबदल के बाद अब नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिसिंग व्यवस्था में किस तरह का बदलाव देखने को मिलता है, इस पर भी नजर रहेगी।
