यूपी: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की सिमरन शर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाना है। आइए जानते हैं गाजियाबाद की पैरा एथलीट सिमरन शर्मा के जीवन और उपलब्धियों के बारे में।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 के लिए खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी गई है। खेल मंत्रालय ने खेल पुरस्कारों का एलान किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी। मनु भाकर समेत चार खिलाड़ियों को देश के सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों में से एक खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं 31 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन खिलाड़ियों की सूची में पेरिस ओलंपिक और पैरालंपिक एथलीट्स का नाम भी शामिल है। अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले एथलीटों की सूची में एक नाम गाजियाबाद की बेटी का भी है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की सिमरन शर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाना है। आइए जानते हैं गाजियाबाद की पैरा एथलीट सिमरन शर्मा के जीवन और उपलब्धियों के बारे में।
पैरा एथलीट सिमरन शर्मा का जीवन परिचय
सिमरन शर्मा का जन्म 9 नवंबर 1999 को गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित कृष्ण कुंज कॉलोनी में हुआ था। सिमरन जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं और समय से पूर्व जन्म लेने के कारण उन्हें कई स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उनके पिता मनोज शर्मा ने सिमरन को खेल से परिचय कराया और करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सिमरन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रुक्मणि मोदी महिला इंटर कॉलेज, मोदीनगर से प्राप्त की और बाद में नई दिल्ली के साईं जेएलएन स्टेडियम में प्रशिक्षण लिया। सिमर ने बताया कि एमएमवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान टीचर से जो सबक मिले, वह हमेशा काम में आया।
सिमरन शर्मा का करियर
सिमरन ने कक्षा छह में ब्लाक स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद वह लगातार खेल प्रतियोगिताओं में सामान्य बालिकाओं के साथ दौड़ी और पहले नंबर पर रहीं। अपने खेल करियर की शुरुआत पैरा-एथलेटिक्स में की और शीघ्र ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
सिमरन की उपबल्धि और पदक
पैरा एथलीट 2018 से सिमरन ने प्रतिभाग किया और प्रदेश के बाद प्रत्येक वर्ष नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रहीं। उन्होंने 2021 में दुबई में आयोजित चाइना ग्रां प्री और वर्ल्ड पैरा ग्रां प्री में भाग लिया। सिमरन 2021 में टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय पैरा एथलीट बनीं, हालांकि उन्हें वहां पदक नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 2022 एशियाई पैरा गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर टी12 स्पर्धाओं में दो रजत पदक जीते।
खेलो इंडिया 2023 में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मई 2024 में सिमरन ने कोबे, जापान में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 2024 पेरिस पैरालंपिक में आई, जहां उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर टी12 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
अर्जुन पुरस्कार
सिमरन शर्मा की इन उपलब्धियों को मान्यता देते हुए उन्हें राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 के तहत अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाता है।