Headlines

अगले साल मेंटल हेल्थ को कैसे रखें ठीक, स्ट्रेस-एंग्जाइटी से कैसे बचें? ये उपाय हैं मददगार

Spread the love

नई दिल्ली : मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं वैश्विक स्तर पर बढ़ती जा रही हैं। कोरोना महामारी के बाद इसका जोखिम और भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य एक दूसरे के पूरक माने जाते हैं, दोनों में से एक में भी होने वाली समस्या का असर दूसरे पर हो सकता है। युवाओं में तेजी से बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य विकारों जैसे स्ट्रेस-एंग्जाइटी और डिप्रेशन लेकर विशेषज्ञ अलर्ट करते हैं।

साल 2024 मानसिक स्वास्थ्य को लेकर काफी चुनौतीपूर्ण रहा, साल 2025 में इसके खतरे से बचे रहने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को पहले से ही सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि अगले साल मेंटल हेल्थ को ठीक रखने के लिए क्या-क्या उपाए किए जा सकते हैं?

मानसिक स्वास्थ्य ठीक रहना जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मानसिक स्वास्थ्य इन दिनों व्यापक रूप से चर्चा का विषय रहा है। मानसिक स्वास्थ्य यह निर्धारित करने में मदद करता है कि आप तनाव को कैसे संभालते हैं, दूसरों से कैसे संबंध बनाते हैं और कैसे फैसले लेते हैं। इनके अलावा मानसिक स्वास्थ्य का ठीक रहना आपके संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक सुधारने के लिए जरूरी है। स्ट्रेस-एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी मेंटल हेल्थ की दिक्कतें भविष्य में हृदय रोग जैसी गंभीर और जानलेवा समस्याओं का कारण बन सकती हैं।

पर इससे बचाव कैसे किया जाए, नए साल में आप कौन-कौन से उपाय किए जा सकते हैं, आइए जानते हैं।

अच्छी नींद लेना जरूरी

मेंटल हेल्थ को ठीक रखने के लिए अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी है। अध्ययनों से पता चलता है कि अच्छी नींद सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं मानसिक स्वास्थ्य में भी अहम भूमिका निभाती है। साल 2021 के एक अध्ययन में 273,695 वयस्कों का डेटा शामिल किया गया था। शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग औसतन प्रति रात 6 घंटे या उससे कम सोते थे, उनमें स्ट्रेस-एंग्जाइटी होने की आशंका उन लोगों की तुलना में लगभग 2.5 गुना ज्यादा थी जो औसतन 6 घंटे से ज्यादा सोते थे। इसलिए सभी लोगों के लिए अच्छी नींद बहुत आवश्यक है।

सोशल मीडिया पर कम समय बिताएं

लगातार दूसरे लोगों के जीवन के बारे में जानकारी लेते रहने की आदत, आपको तुलना करने पर मजबूर कर देती है। इससे आप खुद के बारे में कम सोचते है, जिससे चिंता और अवसाद की भावनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए जरूरी है कि आप सोशल मीडिया पर कम समय बिताने के लिए प्रयास करें।

सोने से एक घंटे पहले फोन-कंप्यूटर जैसे स्क्रीन से दूरी बना लें और कम से कम समय सोशल मीडिया पर बिताएं।

व्यायाम की आदत बनाएं

शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की सेहत को ठीक रखने के लिए नियमित व्यायाम की आदत बनाना जरूरी है। रोजाना हल्के स्तर के भी व्यायाम से तनाव से राहत पाने, मूड को बेहतर बनाने, नींद में सुधार करने में मदद मिल सकती है। रोजाना कम से कम 30 मिनट के व्यायाम की आदत बनाएं। ये शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने और आपके मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने में सहायक है। वाकिंग-रनिंग जैसे हल्के स्तर के अभ्यास भी मददगार हैं।