Headlines

इस क्रिसमस अपनों को दें हाथ से बना ग्रीटिंग कार्ड, ऐसे घर पर करें तैयार

Spread the love

नई दिल्ली : यदि आप क्रिसमस पर अपनों को उनके खास होने का एहसास कराना चाहते हैं तो इस खास दिन उन्हें अपने हाथों से कार्ड बनाकर तोहफे में दें।

क्रिसमस का त्योहार आने वाला है, ऐसे में लोग इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। ईसा मसीह के जन्मदिवस के प्रतीक के तौर पर क्रिसमस का त्योहार हर साल 25 दिसंबर को दुनियाभर में मनाया जाता है। ये त्योहार अपने साथ ढेर सारी खुशियां लेकर आता है। इस दिन लोग अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ चर्च जाते हैं और सेलिब्रेट करते हैं।

क्रिसमस के खास दिन लोग अपनों को भी उनके खास होने का एहसास भी कराते हैं। इस दिन एक-दूसरे को कार्ड देने की भी परंपरा है। यदि आप भी ऐसा कुछ करना चाहते हैं तो अपने स्पेशल लोगों के लिए तो उनके लिए अपने हाथों से क्रिसमस कार्ड तैयार करें। इस क्रिसमस कार्ड में आप अपनी भावनाएं लिख सकते हैं। यदि आप अपने खास लोगों को हाथ से बना कार्ड देंगे तो इससे उन्हें जरूर अच्छा लगेगा।

क्रिसमस कार्ड बनाने के लिए सामान
मोटा रंगीन कागज
रंगीन पेंसिल, स्केच पेन, या पेंट
गोंद और कैंची
सजावट के लिए चमकीले सितारे, रिबन, ग्लिटर, या स्टीकर्स
सफेद कागज
पेंसिल और रबड़
रूलर

इन स्टेप्स को करें फॉलो

कार्ड बनाने के लिए सबसे पहले मोटे कागज को बीच से मोड़ें ताकि एक फोल्डिंग कार्ड तैयार हो जाए। अगर कागज बड़ा है तो इसे अपनी पसंदीदा आकार में काट सकते हैं। कार्ड के कवर पर क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉज, घंटी, स्नोफ्लेक्स, या उपहार के बॉक्स जैसी तस्वीरें बनाएं।

आप इन्हें खुद बना सकते हैं या प्रिंट कर चिपका सकते हैं। आजकल तो बाजार में इसके स्टीर्क्स भी मिलते हैं, जो आपके कार्ड को खूबसूरत बनाएंगे। यदि आप हाथ से तस्वीर बना रहे हैं तो स्केच पेन, क्रेयॉन्स या पेंट से रंग भरें। डिजाइन को और आकर्षक बनाने के लिए ग्लिटर या चमकीले सितारे लगाएं।

बाहर की तरफ सजाने के बाद कार्ड के अंदर की तरफ सफेद कागज चिपकाएं और उस पर शुभकामनाएं लिखें। आप इसके अंदर “Merry Christmas” या “आपका क्रिसमस शुभ और आनंदमय हो” जैसे संदेश लिख सकते हैं।

अगर आप चाहें तो क्रिसमस की कोई कविता या कोट्स भी लिख सकते हैं। इसके साथ-साथ आप रिबन या छोटी झालर बनाकर कार्ड के अंदर की तरफ लगा सकते हैं।

कार्ड को अच्छी तरह से सुखा लें और देख लें कि सजावट ठीक से लगी हो। इसके बाद आखिर में कार्ड को एक सुंदर लिफाफे में रखें या उसे रिबन से बांधकर दें। इस तरह आप अपने प्रियजनों के लिए एक खूबसूरत और यादगार क्रिसमस कार्ड बना सकते हैं।