छत्तीसगढ़:- जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान, संघर्ष, त्याग और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली की गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध रहा है। देश की स्वतंत्रता, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में जनजातीय महापुरुषों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को मनाया जाने वाला जनजाति गौरव दिवस इसी गौरवशाली इतिहास, जनजातीय अस्मिता और उनके अमूल्य योगदान को नमन करने का अवसर है। यह दिवस जनजातीय समाज के सम्मान के साथ उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के संकल्प को भी मजबूत करता है।
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत में धमतरी जिले का विशेष स्थान है। जिले के नगरी, सिहावा और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में जनजातीय समुदाय पीढ़ियों से अपनी विशिष्ट जीवनशैली, लोककला, पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते आ रहे हैं। इनमें विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय की अपनी अलग पहचान है। राज्य शासन और केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप धमतरी जिला प्रशासन द्वारा इस समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के अवसर सृजित करने के लिए बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम जनमन योजना से विकास को मिली नई गति
विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के समग्र विकास के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) धमतरी जिले में जनजातीय विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इस योजना के अंतर्गत आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धमतरी जिले को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों को दर्शाती है।
