Headlines

इन शहरों में हैं भारत के सबसे मशहूर किले, गणतंत्र दिवस पर घूमने जा सकते हैं आप

Spread the love

नई दिल्ली : यहां भारत के सबसे मशहूर और ऐतिहासिक किलों की सूची दी गई है, जहां आप गणतंत्र दिवस के खास मौके पर घूमने जा सकते हैं।

भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था। इसी ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धि को जश्न के रूप में हर साल मनाया जाता है। भारत में कई ऐसी जगहें हैं जो आजादी से पहले की हैं। दिल्ली के लाल किला समेत देश भर में कई ऐसे किले हैं जो अपनी वास्तुकला के लिए तो प्रसिद्ध हैं ही, साथ ही इन की ऐतिहासिकता भी रोचक और साहसिक कहानियों से परिपूर्ण हैं। स्थापत्य कला की मिसाल इन किलो ने अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को आज तक संजोकर रखा है। ये किले भारत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं, जो देश की वीरता और शौर्य की कहानियां बयाँ करते हैं। यहां भारत के सबसे मशहूर और ऐतिहासिक किलों की सूची दी गई है, जहां आप गणतंत्र दिवस के खास मौके पर घूमने जा सकते हैं।

लाल किला, दिल्ली

राजधानी दिल्ली का लाल किला सबसे ऐतिहासिक स्थानों में से एक है, जो राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्व रखता है। लाल किले का निर्माण मुगल सम्राट शाहजहां ने 1638 में कराया था। लाल बलुआ पत्थर से बना यह किला मुगल वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह स्थान भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है। जहां से स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री झंडा फहराते हैं।

आमेर किला, जयपुर

राजस्थान अपनी शाही संस्कृति के लिए मशहूर है। यहां कई ऐतिहासिक स्थल हैं, जिसमें किले या महल शामिल हैं। इनमें से एक राजा मान सिंह प्रथम द्वारा निर्मित आमेर का किला भी है। जयपुर में स्थित आमेर का किला 1592 में तैयार हुआ था। यह किला राजपूत और मुगल वास्तुकला का सुंदर संगम है। आमेर के किले में शीश महल, जयगढ़ किले से जुड़ी सुरंगें मौजूद हैं।

मेहरानगढ़ किला, जोधपुर

राजस्थान के जोधपुर जिले में स्थित मेहरानगढ़ किला राव जोधा ने 1459 में बनवाया था। यह भारत के सबसे बड़े किलों में से एक है। इसकी ऊंचाई से जोधपुर का ‘ब्लू सिटी’ नजारा देखा जा सकता है।

ग्वालियर किला, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में ग्वालियर का किला है, जिसका इतिहास 8वीं शताब्दी पुराना है। ये “किलों का मोती” के नाम से प्रसिद्ध है। ग्वालियर के किले में गुजरी महल, सास-बहू मंदिर, और अद्वितीय शिल्पकला का दृश्य देखने को मिल सकता है।

चित्तौड़गढ़ किला, राजस्थान

राजस्थान में ही स्थित चितौड़गढ़ किले का निर्माण मौर्य वंश में 7वीं शताब्दी में कराया था। यह किला वीरता और बलिदान का प्रतीक है। इस किले की कहानी रानी पद्मिनी के जौहर के तौर पर प्रसिद्ध है और विजय स्तम्भ चित्तौड़गढ़ की खासियत है।