Headlines

ताइवानी कंपनी के साथ टाटा लगाएगी चिप इकाई, 91,000 करोड़ का निवेश; पढ़िए बड़ी खबरें

Spread the love

नई दिल्ली : टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने ताइवान की पावरचिप सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन के साथ एक समझौता किया है। इसके तहत ताइवानी कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ धोलेरा में विनिर्माण इकाई लगाने में मदद करेगी। इस पर 91,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, हम वैश्विक ग्राहकों की सेवा करने के लिए बढ़ते सेमीकंडक्टर बाजार में अहम भूमिका निभा सकेंगे। टाटा समूह की इस इकाई से एक लाख से अधिक नौकरियों का सृजन होगा।

जोहो भी उतरेगी, आवेदन लंबित
जोहो कॉरपोरेशन भी चिप क्षेत्र में उतरेगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीधर वेम्बू ने कहा, कंपनी ने सरकार को आवेदन दिया है जो अभी लंबित है। इस परियोजना के संबंध में कई पहलुओं पर गहन मूल्यांकन चल रहा है। वेम्बू ने कहा, प्रौद्योगिकी और विभिन्न भागीदारों को अंतिम रूप देने जैसे कई पहलुओं पर काम चल रहा है।

अगस्त में बैंकों ने 9.2 लाख क्रेडिट कार्ड जारी किए, लेकिन खर्च घटा
त्योहारी सीजन में अचानक क्रेडिट कार्ड की मांग बढ़ गई है। अगस्त में बैंकों ने 9.2 लाख क्रेडिट कार्ड जारी किया है। देश में कुल 10.55 करोड़ क्रेडिट कार्ड हो गए हैं। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में 7.55 लाख कार्ड जारी किए गए थे। अगस्त में क्रेडिट कार्ड से कुल खर्च घटकर 1.69 लाख करोड़ हो गया है। जुलाई में यह 1.73 लाख करोड़ था। आंकड़ों के मुताबिक, मासिक आधार पर कार्ड की संख्या में 22.3 फीसदी की वृद्धि हुई है।

फार्मा व मेडिकल उपकरण विनिर्माण के लिए 50 ग्रीनफील्ड संयंत्र लगेंगे
फार्मा एवं मेडिकल उपकरण विनिर्माण के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन यानी पीएलआई योजना के तहत दो साल में 50 नए ग्रीनफील्ड संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। औषधि विभाग के सचिव अरुणीश चावला ने एक कार्यक्रम में कहा, मेक इन इंडिया पहल के 10 साल पूरे होने पर दोनों क्षेत्रों के लिए पीएलआई योजनाओं के तहत पहले ही 50 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

चीन से स्टील आयात पर दोगुना शुल्क लगाने की मांग
देश के स्टील निर्माताओं ने सरकार से चीन से सस्ते स्टील आयात वृद्धि को रोकने के लिए आयात पर दोगुना शुल्क लगाने की मांग की है। चीन से तैयार स्टील का आयात अप्रैल-अगस्त में सात साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इंडियन स्टील एसोसिएशन यानी आईएसए ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस संबंध में पत्र लिखा है। आईएसए ने पत्र में कहा, चीन से स्टील आयात पर सीमा शुल्क को 15% किया जाए।

सात फीसदी तक की विकास दर हासिल करने के लिए भारत तैयार
वित्त मंत्रालय का मानना है कि भारत चालू वित्त वर्ष में 6.5-7 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि हासिल करने के लिए तैयार है। अगस्त तक तमाम मजबूत संकेतकों से यह रुझान दिख रहा है। वित्त वर्ष के शेष भाग के लिए उम्मीद यह है कि सरकारी खर्च बढ़ेगा। मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के घटनाक्रमों का विश्लेषण किया गया है। इसमें स्थिर विकास, निवेश, रोजगार और महंगाई के रुझान से पता चला है कि मजबूत व स्थिर वित्तीय क्षेत्र और बेहतर विदेशी मुद्रा भंडार के साथ आर्थिक स्थिरता मजबूत नींव का संकेत देती है। केंद्र ने चालू वित्त वर्ष में उधार लक्ष्य को बरकरार रखा है। 2024-25 की अक्तूबर-मार्च के दौरान दिनांकित प्रतिभूतियों की नीलामी के माध्यम से 6.61 लाख करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है।

बजट से पहले की बैठकें 10 से
वित्त मंत्रालय 10 अक्तूबर से नई व नवीकरणीय ऊर्जा और कौशल विकास, उद्यमिता सहित छह मंत्रालयों और विभागों की समीक्षा के साथ बजट पूर्व बैठकें शुरू करेगा। बैठकें 11 नवंबर तक चलेंगी। इसमें 2025-26 के लिए बजटीय आवंटन को मजबूत करने और चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित अनुमानों को अंतिम रूप दिया जाएगा। विकास को और तेज करने के लिए सुधारों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। रोजगार सृजन व आर्थिक मांग को बढ़ावा देने के उपाय लागू होंगे।


कच्चे तेल के दाम में गिरावट से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीन रुपये तक कटौती की है गुंजाइश
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दामों में दो से तीन रुपये प्रति लीटर कटौती की गुंजाइश है। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने कहा, पेट्रोलियम कंपनियों के ईंधन पर मुनाफे में सुधार हुआ है। इससे सरकारी तेल कंपनियां चाहें तो कीमतें घटा सकती हैं। इक्रा ने बृहस्पतिवार को कहा, भारत के आयातित कच्चे तेल की कीमत मार्च में 83-84 डॉलर प्रति बैरल थी। सितंबर में यह औसत 74 डॉलर प्रति बैरल हो गई। यदि कच्चे तेल की कीमतें वर्तमान स्तर पर स्थिर रहीं तो खुदरा ईंधन कीमतों में कमी की गुंजाइश है। इस साल 17 सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय उत्पाद कीमतों की तुलना में तेल मार्केटिंग कंपनियों की शुद्ध प्राप्ति पेट्रोल के लिए 15 रुपये प्रति लीटर और डीजल के लिए 12 रुपये प्रति लीटर अधिक रही।

15 मार्च को हुई थी दो रुपये की कमी
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल 15 मार्च को पेट्रोल तथा डीजल के दाम में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। तब से कीमतें यथावत हैं। ऐसा अनुमान है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रहती हैं तो दो से तीन रुपये प्रति लीटर की कमी करने की गुंजाइश बनी रहेगी। नवंबर, 2021 की शुरुआत में तेल के दैनिक मूल्य संशोधन को रोक दिया गया था।


जनरल मोटर्स 18,000 वाहन मंगाएगी वापस
जनरल मोटर्स ब्रेक लाइन में खराबी के कारण अमेरिका में 18,000 वाणिज्यिक वाहनों को वापस मंगाएगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया, इसमें शेवरले एक्सप्रेस, जीएमसी मॉडल सहित अन्य हैं। यह सभी मॉडल साल 2013 से 2019 के बीच बने हैं। कंपनी के डीलर इसकी समीक्षा करेंगे।
ईपैक प्रीफैब को 1,233 करोड़ के ऑर्डर की उम्मीद
ईपैक प्रीफैब को चालू वित्त वर्ष में 1,233 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। एक साल पहले की तुलना में 48 फीसदी अधिक है। कंपनी के कार्यकारी निदेशक निखिल बोथरा ने बताया, वित्त वर्ष 2023-24 में प्रीफैब्रिकेटेड उद्योग में वृद्धि 11 फीसदी चक्रवृद्धि दर रही है।
बंगलूरू में जुटेंगी दिग्गज टेक कंपनियां
बंगलूरू में 19 से 21 नवंबर तक होने वाले 27वें टेक समिट में दिग्गज टेक कंपनियां जुटेंगी। इसके लिए दिल्ली में एक खुली चर्चा का आयोजन हुआ। राज्य सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां सभी को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।