नई दिल्ली : दिवाली में मिठाइयां और हाई कैलोरी वाली चीजों के अधिक सेवन से न सिर्फ शुगर बढ़ने का खतरा रहता है साथ ही इससे वजन भी बढ़ सकता है। आइए जानते हैं कि त्योहार में खान-पान को लेकर किन बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है?
स्वादिष्ट मिठाइयों और पकवानों के बिना दिवाली बिल्कुल अधूरी है। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घर में तरह-तरह की मिठाइयां, नमकीन, स्नैक्स और स्वादिष्ट भोजन बनना शुरू हो जाता है, इसका सभी को बेसब्री से इंतजार भी रहता है। पर ध्यान रहे त्योहारों के दौरान खान-पान को लेकर बरती गई किसी भी तरह की लापरवाही सेहत के लिए दिक्कतें बढ़ाने वाली हो सकती है।
मिठाइयां और हाई कैलोरी वाली चीजों के अधिक सेवन से न सिर्फ शुगर बढ़ने का खतरा रहता है साथ ही इससे वजन भी बढ़ सकता है। वजन बढ़ने को सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक माना जाता है। परंतु कुछ उपायों को अपनाकर आप इस त्योहार का आनंद भी ले सकते हैं और वजन भी नियंत्रित रख सकते हैं। कैसे, आइए जानते हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, दिवाली का त्योहार मिठास, खुशी और स्वादिष्ट भोजन वाला होता है, लेकिन अपनी सेहत को ठीक बनाए रखने के लिए खान-पान को लेकर सावधानी बरतना भी उतना ही जरूर है। डायबिटीज रोगियों को तो विशेष अलर्ट रहना चाहिए, क्योंकि आहार को लेकर थोड़ी भी लापरवाही ब्लड शुगर को बढ़ाने वाली हो सकती है।
आइए जानते हैं कि त्योहार में खान-पान को लेकर किन बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है जिससे वजन को बढ़ने से रोका जा सके और उत्सव का आनंद भी ले सकें।
मिठाइयों का मजा लें, लेकिन सीमित मात्रा में
ऐसा नहीं है कि आप त्योहारों पर मिठाई बिल्कुल न खाएं, लेकिन हमेशा इसकी मात्रा का विशेष ध्यान रखें। अत्यधिक शक्कर वाली मिठाइयों की जगह हेल्दी विकल्प चुनें जैसे कि गुड़ से बनी मिठाइयां, ड्राई फ्रूट लड्डू या लो-कैलोरी स्वीट्स। ये विकल्प न केवल सेहतमंद होते हैं बल्कि शरीर को ऊर्जा भी देते हैं। डायबिटीज रोगियों को मिठाइयों का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए।
खूब पानी पीते रहना जरूरी
दिवाली के दौरान खान-पान में गड़बड़ी के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए खूब पानी पीना जरूरी है। भोजन से पहले पानी पीने से पेट थोड़ा भर जाता है, जिससे आप कम खाते हैं। इसके अलावा पानी पीते रहने से शरीर से अतिरिक्त चीनी की मात्रा भी बाहर निकल जाती है जिससे शुगर या वजन बढ़ने के खतरे को कम किया जा सकता है।
फाइबर वाली चीजें जरूर खाएं
त्योहारों के दौरान वजन को बढ़ने से रोकने का एक आसान तरीका है आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा बढ़ाना। खाने में फाइबर युक्त फल और सलाद को शामिल करें। यह आपके पाचन तंत्र को सही रखने के साथ-साथ भूख को नियंत्रित रखता है और आप कम कैलोरी का सेवन करते हैं। फाइबर वाली चीजों को शुगर और वजन दोनों को कंट्रोल रखने में फायदेमंद पाया गया है।
