नई दिल्ली : नवरात्रि के छठे दिन मां दुर्गा के मां कात्यायनी स्वरूप की पूजा की जाती है। मान्यता है कि श्रीकृष्ण को पाने के लिए ब्रज की गोपियों ने कालिंदी नदी के तट पर मां कात्यायनी की ही पूजा की थी। इसी वजह से माना जाता है कि माता कात्यायनी की पूजा से विवाह संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। मां कात्यायनी को ब्रज मंडल की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है।
नवरात्रि के छठे दिन लोग मां कात्यायनी को प्रसन्न करने के लिए सच्चे मन से पूजा करते हैं। इसके लिए वो माता रानी का पाठ करते हैं और माता को उनके पसंदीदा पकवान का भोग लगाते हैं। ऐसी मान्यता है कि माता रानी के इस स्वरूप को शहद और शहद से बने पकवानों का भोग लगाया जाता है। इसी के चलते आज हम यहां आपको शहद से बनी खीर की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, ताकि मां कात्यायनी आपसे भी प्रसन्न हों।
खीर बनाने का सामान
दूध: 1 लीटर
चावल: 1/4 कप
शहद: 1/2 कप
इलायची पाउडर: 1/4 चम्मच
बादाम, पिस्ता, काजू: 2-3 बड़े चम्मच
घी: 1 चम्मच
विधि
वैसे तो खीर बनाने के लिए चीनी का इस्तेमाल होता है, लेकिन आप चाहें तो खीर बनाने में शहद इस्तेमाल कर सकती हैं। शहद की खीर बनाने के लिए सबसे पहले दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में उबालने के लिए रखें। जब दूध उबलने लगे, आंच धीमी कर दें।
अब इसमें भीगे हुए चावल को डालें और धीमी आंच पर उसे पकने दें। इसे आपको लगातार चलाना है, वरना चावल पैन के तले में चिपक जाएंगे। जब चावल पूरी तरह से पक जाएं और दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और भुने हुए सूखे मेवे डाल दें।
आखिर में इसमें शहद डालें और अच्छे से मिला लें। ध्यान दें कि शहद को खीर में डालते समय आंच धीमी होनी चाहिए। वरना ये सही से मिक्स नहीं होगा, और खीर का स्वाद बिगड़ जाएगा।
शहद मिक्स करने के बाद खीर को धीमी आंच पर 5-7 मिनट और पकाएं ताकि सभी स्वाद अच्छे से मिल जाएं। अब ये तैयार है। इसका भोग आप लगा सकते हैं।
