नई दिल्ली : एक समय था, जब दुल्हनें अपने हाथों पर भरे-भरे हाथ मेहंदी लगाना पसंद करती थीं, लेकिन अब समय बदल गया है। आजकल मिनिमल मेहंदी लगाने का ट्रेंड है।
शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे मे इसकी धूम बाजारों से लेकर घरों तक में दिखाई दे रही है। दूल्हा-दुल्हन से लेकर उनके घरवाले, दोस्त और रिश्तेदार शादी की खरीदारी में जुटे हैं। हर होने वाली दुल्हन अपने वेडिंग डे को खास बनाने के लिए आउटफिट से लेकर खास ज्वेलरी तक का चयन करती है। इन सब चीजों के साथ-साथ वो अपनी मेहंदी की डिजाइन भी स्पेशल रखना चाहती हैं।
अक्सर आपने लोगों को कहते सुना होगा कि दुल्हन के हाथों पर तो भरे हाथ मेहंदी अच्छी लगती है, लेकिन अब समय बदल गया है। अब दुल्हनों को हल्की और मिनिमल मेहंदी की डिजाइंस काफी पसंद आ रही हैं। यहां हम आपको कुछ अभिनेत्रियों की ब्राइडल मेहंदी दिखाने जा रहे हैं, जिनकी डिजाइन से आप भी टिप्स ले सकती हैं।
परिणीति चोपड़ा की मेहंदी
एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने अपनी शादी की मेहंदी काफी हल्की रखी थी। इसके लिए उन्होंने हथेली पर झूमर वाली डिजाइन बनवाई थी। आप भी चाहें तो एक्ट्रेस की ही तरह अपनी मेहंदी में 2 से 3 झूमर के डिजाइन बना सकती हैं। इस तरह की डिजाइन के साथ हथेली के पीछे जाल वाली डिजाइन बनवाएं।
आलिया भट्ट की मेहंदी
आलिया भट्ट की ब्राइडल मेहंदी काफी खास थी। उन्होंने अपने खास दिन के लिए मंडाला आर्ट मेहंदी का चयन किया था। मंडाला आर्ट मेहंदी की डिजाइन एक तो लगाना आसान होता है और ये सूख भी काफी जल्दी जाती है। ऐसे में सर्दी के मौसम में आपके लिए ये डिजाइन अच्छी लगेगी।
माहिरा खान की मेहंदी
एक्ट्रेस माहिरा खान की मेहंदी पर अगर नजर डाली जाए तो इस तरह की डिजाइन अपने लिए परफेक्ट रहेगी। इसके बीच में चाहें तो अपने होने वाले पति का नाम लिखवाया जा सकता है। ऐसी डिजाइन के साथ उंगलियों के पोर पर भी खूबसूरत सी डिजाइन ही बनवाएं।
रकुल प्रीत सिंह की मेहंदी
यदि आपको एकदम हल्की मेहंदी पसंद नहीं है तो रकुल प्रीत की डिजाइन से टिप्स लें। उनकी मेहंदी हथेली पर तो भरे हाथ लगी है, लेकिन हाथ के पीछे उन्होंने जाल मेहंदी डिजाइन बनवाई है। ऐसी डिजाइन भी देखने में काफी खूबसूरत लगती है।
विद्या बालन की मेहंदी
मेहंदी की इस डिजाइन का चलन सदियों से चला आ रहा है। ये मिनिमल डिजाइन देखने में काफी प्यारी लगती है। यदि मेहंदी लगाने का समय आपके पास नहीं बचा है तो आप आलते से भी इस तरह की डिजाइन अपने हाथों पर रचा सकती हैं। इस तरह की डिजाइन आपको पारंपरिक लुक देने का काम करेगी।
