नई दिल्ली : वैसे तो बाजार में त्वचा दमकाने के लिए कई प्रोडक्ट आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन उसके बावजूद आज भी बहुत से लोगों को घरेलू नुस्खों पर ही भरोसा है। यही वजह है कि लोग बिना सोचे-समझे दादी-नानी के नुस्खे आजमाने लगते हैं। पर, कई बार ऐसा देखने को मिलता है कि दादी-नानी के ये नुस्खे लोगों की त्वचा को खराब कर देते हैं। इन नुस्खों में सबसे अहम चीज है चेहरे पर हल्दी का इस्तेमाल करना।
चेहरे पर हल्दी लगाने से त्वचा काफी खिल उठती है, ये बात तो आप सभी ने सुनी ही होगी, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल से त्वचा की रंगत खो सकती है, इस बारे में शायद ही आपको पता हो। यदि आप ऐसा नहीं चाहते तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखनाा बेहद जरूरी होता है। इन बातों का ध्यान रखकर यदि आप हल्दी का इस्तेमाल करेंगे तो आप अपनी त्वचा की खूबसूरती बरकरार रख सकते हैं।
साफ हो हल्दी
रसोई में उपयोग होने वाली हल्दी में कई बार मिलावट हो सकती है। ऐसे में त्वचा के लिए हमेशा शुद्ध हल्दी का उपयोग करें। शुद्ध हल्दी ही त्वचा की खूबसूरती को बढ़ाने में मदद करती है। मिलावट की वजह से आपकी त्वचा डैमेज हो सकती है।
पैच टेस्ट करें
यदि हल्दी का उपयोग करने जा रहे हैं तो एक बार पहले पैच टेस्ट कर लें। पैच टेस्ट के लिए पहले इसे त्वचा के एक छोटे हिस्से पर लगाकर देखें। इससे यह सुनिश्चित होगा कि आपकी त्वचा को हल्दी से एलर्जी नहीं है। यदि हल्दी लगाने से भी जलन का एहसास हो रहा है तो तुरंत इसे हटा दें।
अधिक इस्तेमाल खतरनाक
हल्दी में प्राकृतिक रंग होता है जो त्वचा पर दाग छोड़ सकता है। इसे थोड़ी मात्रा में और सीमित समय के लिए ही त्वचा पर लगाएं। यदि आप इसका ज्यादा और रोजाना इस्तेमाल करेंगे तो इससे आपकी त्वचा ही खराब हो सकती है।
लंबे समय तक न छोड़ें
हल्दी का फेस पैक 10-15 मिनट से अधिक समय तक न लगाएं। अधिक देर तक लगाने से त्वचा पीली पड़ सकती है। इससे कई बार चेहरे पर दाने तक निकल आते हैं।
सूरज के संपर्क से बचें
हल्दी लगाने के तुरंत बाद धूप में जाने से बचें। यदि आप हल्दी लगाने के तुरंत बाद ही सूरज की रोशनी के सामने जाते हैं तो इससे चेहरे पर कई परेशानियां होने लगती हैं।
