नई दिल्ली : यदि लोशन लगाने के बावजूद आपके हाथ रूखे हो रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ताकि आपके हाथों का रूखापन कम हो जाए।
हाथों का रूखापन एक सामान्य समस्या है, जो त्वचा की नमी कम होने या बाहरी कारणों की वजह से होती है। यह समस्या बार-बार हाथ धोने, कठोर साबुन के उपयोग, या सही देखभाल न होने की वजह से सामने आ सकती है। इसके साथ-साथ अक्सर सर्दी के मौसम में भी जब ठंडी और शुष्क हवा चलती हैं तो त्वचा की नमी को छीन लेती है।
हाथों के रूखेपन को दूर करने के लिए बाजार में कई लोशन मिलते हैं, लेकिन कई बार इनके इस्तेमाल से भी फायदा नहीं मिलता है। नियमित देखभाल और प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग आपके हाथों की त्वचा को लंबे समय तक मुलायम और स्वस्थ बनाए रखेगा।
यदि आप हाथों का ध्यान रखना चाहते हैं तो कुछ बातों को हमेशा जहन में रखें। यदि हाथों का रूखापन अत्यधिक बढ़ जाए, जलन, लालिमा, या फटने लगे, तो यह किसी त्वचा रोग का संकेत हो सकता है। ऐसे में त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करें।
हाथ धोने के लिए सही पानी का इस्तेमाल करें
ठंड के मौसम में बहुत गर्म पानी से हाथ धोने से बचें। गर्म पानी स्किन की नमी छीन सकता है। यदि आपको ठंड काफी ज्यादा लगती है तो हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। जितनी बार भी हाथ धोएं तो हाथ धोने के बाद तुरंत मॉइस्चराइजर लगाएं, ताकि गुनगुने पानी का असर हाथों पर न हो।
सही हो मॉइस्चराइजर
सर्दी के मौसम में हमेशा ऐसे लोशन का इस्तेमाल करें जिसमें ग्लिसरीन, हायलूरोनिक एसिड, और शिया बटर जैसे तत्व हों। इसके साथ-साथ नाइट क्रीम का इस्तेमाल करें, ताकि रात के समय आपके हाथ हाइड्रेट रहें।
बार-बार हाथ न धोएं
सर्दियों के मौसम में बार-बार साबुन से हाथ धोना ड्राइनेस का कारण बन सकता है। ऐसे में बार-बार हाथ धोने से बचें। यदि आप बार-बार हाथ धोते हैं तो इसके लिए माइल्ड और मॉइस्चराइजिंग साबुन का उपयोग करें।
सनस्क्रीन लगाएं
चेहरे की तरह हाथों पर भी घर से बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगाएं। सूरज की किरणें स्किन को रूखा बना सकती हैं। ऐसे में भले ही आप घर में भी रहें तो भी हाथों पर सनस्क्रीन अवश्य लगाएं।
दस्ताने पहनकर करें घर के काम
इस मौसम में घर के काम करते समय, जैसे बर्तन धोना या सफाई करना, ग्लव्स पहनें। डिटर्जेंट और पानी स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसकी वजह से हाथ और भी ज्यादा रूखे हो जाते हैं।
सर्दी के मौसम में हाथ पर हफ्ते में एक बार हल्का स्क्रब करें ताकि डेड स्किन हटे और क्रीम अच्छे से स्किन में समा सके। ऐसा करने से भी आपके हाथ और भी ज्यादा नम हो जाएंगे। यदि इन उपायों के बाद भी सुधार न हो, तो किसी त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श लें।
