Headlines

चाहते हैं स्वस्थ रहें बच्चे, बेहतर तरीके से हो विकास, तो जान लीजिए ये जरूरी बातें

Spread the love

नई दिल्ली : स्वस्थ बचपन को बेहतर भविष्य का आधार माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ बच्चों के आहार पर विशेष ध्यान देते रहने की सलाह देते हैं। नवजात को मां के दूध और दो साल से अधिक उम्र के बच्चों को नियमित रूप से आहार का माध्यम से तमाम प्रकार के विटामिन्स-मिनरल्स और अन्य पोषक तत्वों की जरूरत होती है। पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ बच्चों के विकास के साथ भविष्य में उन्हें कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में मददगार हो सकते हैं।

बच्चों के लिए पोषण वयस्कों के पोषण के समान जरूरी है। नियमित रूप से आहार के माध्यम से विटामिन्स, खनिज, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और वसा का सेवन उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी माना जाता है। अमेरिका में नवीनतम आहार दिशानिर्देशों के अनुसार बच्चों को पौष्टिक चीजें तो खिलानी ही चाहिए साथ ही चीनी, संतृप्त वसा या नमक वाली चीजें कम से कम दें।

हमारे दैनिक जीवन में पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सितंबर महीने को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। आइए पोषण विशेषज्ञ से समझते हैं कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए क्या चीजें जरूरी हैं।

ऐसा होना चाहिए आहार

पोषण विशेषज्ञ पारुल शर्मा एक पोस्ट में लिखती हैं, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने की शुरुआत बचपन से ही हो जाती है। इसलिए जरूरी है कि रोजाना आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल जरूर शामिल हों। रंग-बिरंगी सब्जियां, साबुत अनाज जैसे कि गेहूं की रोटी, दलिया, पॉपकॉर्न, क्विनोआ को आहार का हिस्सा बनाएं। रोजाना दूध और दही बच्चों को जरूर दें।

ये पोषक तत्व बहुत जरूरी

बच्चों के शरीर में ऊतकों के निर्माण और मरम्मत के लिए प्रोटीन आवश्यक होता है। यह मांसपेशियों, त्वचा, बाल, और नाखूनों के विकास में मदद करता है। इसके लिए दालें, दूध, दही, अंडे, मांस, मछली और नट्स का जरूर सेवन किया जाना चाहिए।

प्रोटीन की ही तरह कैल्शियम वाली चीजें भी अच्छी सेहत के लिए जरूरी मानी जाती हैं। कैल्शियम हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए जरूरी होता है। यह बच्चों के शारीरिक विकास और लंबाई बढ़ने में भी सहायता करता है।

मस्तिष्क और पाचन कैसे रखें ठीक

बच्चों के मस्तिष्क के विकास के लिए ओमेगा-3 बहुत जरूरी है। ओमेगा-3 फैटी एसिड के लिए मछलियों और नट्स को आहार में शामिल करें। यह बच्चों के मस्तिष्क को स्वस्थ रखने, सीखने और याददाश्त को बेहतर बनाने में मदद करता है। मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका तंत्र की बीमारियों के खतरे से बचाने के लिए भी ये जरूर है। इसी तरह आयरन वाली चीजें बच्चों के रक्त में हीमोग्लोबिन के निर्माण में मदद करती हैं, इससे एनीमिया का खतरा कम होता है।

हड्डियों की मजबूती कैसे बढ़ाएं

कैल्शियम हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए जरूरी होता है। शरीर में कैल्शियम को अवशोषित करने में मदद के लिए विटामिन-डी वाली चीजें भी जरूरी हैं। विटामिन-डी की कमी से बच्चों में रिकेट्स हो सकता है। रोजाना धूप में कुछ समय बिताने के साथ मछली, अंडे और नट्स बच्चों को जरूर दें।