नई दिल्ली : अगर ये स्वेटर हाथ से बुने गए हों या फिर किसी ने अपने हाथ से बुनकर उपहार में दिए हों, तो उनमें प्यार की गरमाहट आ जाती है। ऐसे में क्यों न आप भी इस सर्दी किसी अपने को इसी प्यार की गरमाहट से भरा हाथों से बुना स्वेटर उपहार में दें या फिर अपने लाडले के लिए ही ‘पेंग्विन ऑन पुलोवर’ स्टाइल का स्वेटर बुनें।
आपने दादी-नानी के हाथ से बुने स्वेटर खूब पहने होंगे, तो अपने बच्चों को इस प्यार से वंचित क्यों रख रही हैं? आप उनके लिए भी गरमाहट और सुकून के अहसास से भरा स्वेटर बुन सकती हैं। सर्दियों का मौसम बहुत-से लोगों को पसंद होता है। इस मौसम की खासियत है कि धूप में घूमने का जो मजा है, वह किसी दूसरे मौसम में नहीं मिलता है। इस मौसम में जरूरत है, सही ढंग से ओढ़-पहनकर बाहर निकलने की। ठंड में आप जैकेट, स्कार्फ, टोपी, जुराबें और तरह-तरह के खूबसूरत तथा नई डिजाइन्स के स्वेटर पहनेंगी और अपने बच्चों को भी पहनाएंगी, लेकिन अगर ये स्वेटर हाथ से बुने गए हों या फिर किसी ने अपने हाथ से बुनकर उपहार में दिए हों, तो उनमें प्यार की गरमाहट आ जाती है। ऐसे में क्यों न आप भी इस सर्दी किसी अपने को इसी प्यार की गरमाहट से भरा हाथों से बुना स्वेटर उपहार में दें या फिर अपने लाडले के लिए ही ‘पेंग्विन ऑन पुलोवर’ स्टाइल का स्वेटर बुनें।
नाप : आठ से दस साल तक के बच्चे के लिए।
सामग्री :
450 ग्राम नीली फोर प्लाई ऊन, 25 ग्राम सफेद ऊन, 25 ग्राम काली ऊन, नौ और दस नंबर की सलाई और स्वेटर सिलने के लिए मोटी सूई।
निर्देश :
सभी बॉर्डर 10 नंबर की सलाई से ही बनेंगे और शेष बुनाई 9 नंबर की सलाई से की जाएगी।
विधि :
सबसे पहले आप स्वेटर का पीछे वाला भाग तैयार करें, जिसके लिए 10 नंबर की सलाई पर 100 फंदे डालकर सिंगल रिब में 4 इंच का बॉर्डर बुनें। अब 9 नंबर की सलाई लगाकर पहली सलाई में 10 फंदे बढ़ाएं। स्टाकिंग स्टिच में 18 इंच लंबाई बनाकर 4-3-2-1 से मुड्ढे घटाएं। 7 फंदे बनाकर पिन होल्डर में डालें।
आगे का भाग :
पीछे वाले भाग के लिए समान बॉर्डर बनाएं। इसके लिए 9 नंबर सलाई लगाकर 10 फंदे बढ़ाएं। उल्टी सलाई पूरी उल्टी बुनें। ग्राफ की मदद से पेंग्विन डिजाइन डालें। पीछे वाले भाग के बराबर लंबाई बनाकर मुड्ढे घटाएं। 2.5 इंच बनाकर गोल गला घटाएं। लंबाई पूरी होने पर कंधे पर 24-24 फंदे रखें। एक तरफ के कंधे के फंदे जोड़ लें।
आस्तीन :
10 नंबर की सलाई पर 44 फंदे डालें। सिंगल रिब से 4 इंच का बॉर्डर बनाएं। अब 9 नंबर सलाई में 6 फंदे बढ़ाएं। स्टाकिंग स्टिच में बुनते हुए 18 इंच लंबाई बनाएं। हर छठी सलाई पर दोनों तरफ से एक-एक फंदा बढ़ाएं। लंबाई पूरी होने पर 90 फंदे हो जाएंगे। मुड्ढे की घटाई 4-3-2-1 करें। सारे फंदे बंद कर दें। दूसरी आस्तीन भी इसी प्रकार बनाएं। गले का बॉर्डर 10 नंबर की सलाई पर आगे वाले भाग से पास-पास फंदे उठा लें। पीछे वाले भाग के बीच के फंदे भी इसी में डालें। 10 नंबर सलाई के सिंगल रिब में बॉडर बुनें। कंधे के फंदे जोड़ दें। स्वेटर की सिलाई कर लें। आगे के भाग पर सफेद ऊन से कढ़ाई कर लें। आपका खूबसूरत पुलोवर तैयार है।
