नई दिल्ली : आज के समय हम में से अधिकतर लोग खाना बनाने के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। पारंपरिक संसाधनों जैसे कोयले, लकड़ी या उपले की तुलना में एलपीजी खाना पकाने के लिए काफी साफ और सुविधाजनक तरीका है। पोर्टेबल होने की वजह से इसका इस्तेमाल आप कहीं पर भी कर सकते हैं। ये दूसरे ईंधनों की तुलना में काफी किफायती होते हैं।
आज के समय शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में इसकी उपलब्धता आसानी से हो जा रही है। इसके अलावा घर-घर तक एलपीजी गैस सिलेंडर को पहुंचाने के लिए भारत सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का संचालन कर रही है। हालांकि, एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय आपको कई सावधानियां बरतनी जरूरी है। अगर आप इन सावधानियों को नहीं बरतते हैं तो आपको कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसी कड़ी में आइए जानते हैं उन जरूरी बातों के बारे में जिनका विशेष ध्यान एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय रखना चाहिए।
आप एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने जाएं उस दौरान सिलेंडर की पट्टी पर लिखे एक्सपायरी डेट को जरूर चेक करें। एक्सपायर्ड सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय उसके ब्लास्ट होने का खतरा रहता है। गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट को कैसे चेक किया जाता है? इस बारे में पता करने के लिए आप नीचे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं।
गैस सिलेंडर लीक हो रहा है या नहीं? इस बारे में पता करने के लिए आपको कभी भी माचिस जलाने की गलती नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा आपको गैस सिलेंडर को कभी भी कैबिनेट में बंद करके नहीं रखना चाहिए। अगर गैस लीकेज हो रही होगी तो इससे एक ही जगह पर गैस इकट्ठा हो सकती है।
कई लोगों की आदत होती है कि वो खाना बनाने के बाद चूल्हे को बंद कर देते हैं और रेगुलेटर को बंद नहीं करते हैं। आपको यह गलती नहीं करनी चाहिए। खाना बनाने के बाद चूल्हे और रेगुलेटर दोनों को बंद करें।
आपको कभी भी रेगुलेटर का पाइप बाजार से नहीं खरीदना चाहिए। बाजार से खरीदा गया पाइप कितना सही है या नहीं? इसकी कोई गारंटी नहीं होती है। आपको हमेशा एजेंसी से ही पाइप को खरीदना चाहिए।
