नई दिल्ली : दीवाली के बाद से दिल्ली-एनसीआर की हवा जहरीली हो गई है। ऐसे में लोगों को लगातार खांसी और गले की खराश से परेशान होना पड़ रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की वजह से एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार बढ़ता जा रहा है। कई इलाकों में तो ये 300 के पार पहुंच गया है। जहरीली हवा का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। लगातार खांसी और गले में खराश जैसी समस्या जैसे बेहद आम हो गई है।
वैसे तो खराश के लिए बाजार में तमाम तरह की दवाई और सिरप मौजूद है, जिनके इस्तेमाल से आपको तुरंत राहत मिलेगी लेकिन आप चाहे तो कुछ घरेलू नुस्खे अपना कर भी इस परेशानी से राहत पा सकते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसी टिप्स देने जा रहे हैं, जिनको फॉलो करके आप खांसी और खराश जैसी गंभीर समस्या से राहत पा सकते हैं। तो यदि आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो इन इन नुस्खों का इस्तेमाल जरूर करें।
गर्म पानी से गरारे करें
यदि आप गले की खराश से परेशान हैं तो गुनगुने पानी में चुटकीभर नमक डालकर दिन में 2-3 बार गरारे करें। यह गले की सूजन और खराश को कम करने में सहायक होता है।
अदरक और शहद का सेवन
गले की खराश को दूर करने के लिए अदरक का टुकड़ा चबाएं या इसे गर्म पानी में उबालें और फिर इसमें शहद मिलाकर पिएं। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो गले की खराश को कम करने में मदद करते हैं।
हल्दी वाला दूध
रात में सोने से पहले हल्दी वाला दूध पीने से गले की खराश में राहत मिलती है। हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। ऐसे में आप इसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
भाप लेना
गरम पानी में नीलगिरी का तेल डालकर भाप लें। इससे गले में आराम मिलता है और बलगम भी साफ होता है। भाप लेने से कई अन्य परेशानियों से भी आपको राहत मिलेगी।
तुलसी और काली मिर्च की चाय
यदि आप चाय बनाने का सोच रहे हैं तो तुलसी के पत्तों को पानी में उबालें और उसमें थोड़ी काली मिर्च डालें। इस चाय का सेवन करने से गले में खराश से राहत मिलती है।
गुनगुना पानी पिएं
यदि खराश से परेशान हैं तो ठंडे पानी की जगह दिनभर गुनगुना पानी पिएं। इससे गले की नमी बरकरार रहती है और खराश में राहत मिलती है।
