नई दिल्ली : शादी के दिन आप न सिर्फ फिट दिखेंगी, बल्कि आत्मविश्वास से भरपूर महसूस करेंगी। आइए जानते हैं कुछ प्रभावी योगासन, जो पेट की चर्बी घटाने में मदद करेंगे।
शादी का दिन हर किसी के लिए खास होता है और इस दिन फिट और खूबसूरत दिखना हर दुल्हन का सपना होता है। इसके लिए लड़कियां पहले से खूब तैयारियां करती हैं। महंगे और डिजाइन कपड़े व मेकअप आर्टिस्ट बुक कराती हैं लेकिन ये सारी चीजें तब अधिक अच्छी लगती हैं जब आपका शरीर सुडौल और आकर्षक लगे। दुल्हन को शादी में लहंगा और साड़ी पहननी होती है। इस तरह के आउटफिट में निकला हुआ पेट लुक को बिगाड़ सकता है।
हालांकि योगासनों का अभ्यास आपके शरीर में बदलाव ला सकता है और शरीर के बिगड़े आकार को सुधारता है। अगर आपकी शादी में सिर्फ दो महीने बाकी हैं और आप पेट की चर्बी कम करना चाहती हैं, तो योग आपकी मदद कर सकता है। योग न सिर्फ शरीर को टोन करता है, बल्कि मानसिक शांति भी देता है। सिर्फ दो महीने इन तीन योगासनों के अभ्यास का असर शादी और उसके बाद स्पष्ट नजर आएगा। शादी के दिन आप न सिर्फ फिट दिखेंगी, बल्कि आत्मविश्वास से भरपूर महसूस करेंगी। आइए जानते हैं कुछ प्रभावी योगासन, जो पेट की चर्बी घटाने में मदद करेंगे।
भुजंगासन
भुजंगासन का अभ्यास रीढ़ को मजबूत और लचीलापन बढ़ाता है। कमर की अकड़न को दूर करता है। इस आसन से पेट की दिक्कतों जैसे गैस, अपच और कब्ज दूर हो सकती है। रक्त प्रवाह बेहतर होता है और शरीर डिटॉक्स होता है जिसका असर त्वचा पर नजर आता है। नियमित रूप से भुजंगासन करने से वजन कम होता है। पेट की चर्बी कम होती है और शरीर का पोस्चर भी बेहतर होता है।
कैसे करें
पेट के बल लेटकर हाथों को कंधों के पास रखें। गहरी सांस भरते हुए शरीर के ऊपरी भाग को उठाएं। इस दौरान गर्दन सीधी रखें और नाभि तक शरीर ऊपर उठाएं। 20-30 सेकंड इसी स्थिति में रहें, फिर पुरानी पोजीशन में आ जाएं।
नौकासन
नौकासन में शरीर का आकार बोट यानी नाव की तरह होता है। इस आसन के अभ्यास से पेट में खिंचाव आता है, जिससे पेट की चर्बी कम होती है। नौकासन करने से पेट, पीठ और पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। रक्त का संचार बेहतर होता है।
कैसे करें अभ्यास
इस आसन को करने के लिए जमीन पर बैठकर पैरों को आगे की ओर फैलाएं। हाथों को जमीन पर टिकाएं और धीरे-धीरे पैरों को उठाएं। शरीर को 45 डिग्री के कोण पर रखें, हाथों को पैरों के समानांतर लाएं। इस स्थिति में 15-20 सेकंड तक रुकें।
धनुरासन
पेट की चर्बी तेजी से कम करने के लिए रोजाना धनुरासन का अभ्यास कर सकते हैं। यह आसन चयापचय दर को बढ़ाता है और कैलोरी बर्न करने में मदद करता है। धनुरासन करने से शरीर के कई हिस्सों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। यह आसन मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और शरीर को स्ट्रेच करता है।
धनुरासन का अभ्यास कैसे करें
पेट के बल लेट जाएं और पैरों को मोड़कर हाथों से पकड़ें। सांस भरते हुए शरीर को खींचें और सिर, छाती और जांघों को ऊपर उठाएं। 15-20 सेकंड तक इस स्थिति में रहें।