नई दिल्ली : आज हम आपको कुछ ऐसी जरूरी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका विशेष ध्यान रूम हीटर को खरीदते समय रखना चाहिए।
सर्दियों का सीजन शुरू हो गया है। आने वाले महीनों में ठंड का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। ऐसे में इससे निजात पाने के लिए लोग कई तरह के उपायों को अपनाते हैं। सर्दियों के सीजन में कमरा काफी ठंडा हो जाता है। ऐसे में कई लोग कमरे को गर्म रखने के लिए रूम हीटर खरीदकर लाते हैं। बाजार में आपको कई तरह के रूम हीटर मिल जाएंगे। इन रूम हीटर्स में आपको सेफ्टी के लिहाज से कई फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, रूम हीटर खरीदते समय आपको कई बातों का विशेष ध्यान रखना होता है ताकि आप बाजार से एक अच्छा सौदा खरीद सकें। कई लोग जानकारी के अभाव में पैसे खर्च करके भी अच्छा रूम हीटर नहीं खरीद पाते हैं। इसी कड़ी में आज हम आपको कुछ ऐसी जरूरी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका विशेष ध्यान रूम हीटर को खरीदते समय रखना चाहिए।
अगर आपका कमरा छोटा है तो ऐसे में आप इंफ्रारेड हीटर या हेलोजन हीटर को खरीद सकते हैं। इन्हें खासतौर पर छोटे कमरों के लिए बनाया गया है। ये हीटर बडे़ कमरों के लिए उपयोगी नहीं हैं।
अगर आपका कमरा बड़ा है तो उसके लिए ऑइल फिल हीटर खरीद सकते हैं। ये हीटर कमरे को गर्म करने में काफी ज्यादा समय लगाते हैं। हालांकि, एक बार कमरा गर्म होने के बाद वह लंबे समय तक गर्म रहता है। इस हीटर की खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल करने पर सेहत पर किसी प्रकार का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है।
किसी भी रूम हीटर को खरीदने से पहले उसकी हीटिंग कैपिसिटी के बारे में पता जरूर करें। अगर आपके पास करीब 100 स्क्वायर फीट का एरिया है तो आप 750 watt की कैपिसिटी वाले रूम हीटर को खरीद सकते हैं।
नया रूम हीटर खरीदते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उसमें इनबिल्ट टाइमर लगा हो। इनबिल्ट टाइमर वाले रूम हीटर का इस्तेमाल करने पर आपका बिजली बिल कम आएगा। यह हीटर बिजली की बचत करने में मदद करता है।
