Headlines

बालों के लिए बेहद फायदेमंद है मेथी दाना, जानें इसके लाभ और इस्तेमाल का सही तरीका

Spread the love

नई दिल्ली : यदि आप बालों में मेथी दाना इस्तेमाल करने का सोच रहे हैं, तो पहले इसका सही तरीका जान लें। ये बालों की कई परेशानियों को दूर करने का काम करता है।

प्रदूषण भरे इस माहौल में बालों का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। यदि बालों का ध्यान सही से न रखा जाए, बालों का झड़ना, रूसी का होना और बालों की चमक खोने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विशेषज्ञ भी बालों का खासतौर पर ध्यान देने की सलाह देते हैं। ऐसे में हम आपको बालों में मेथी का इस्तेमाल करने का सही तरीका बताने जा रहे हैं।

दरअसल, मेथी दाना बालों के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व होते हैं, जैसे प्रोटीन, आयरन, फास्फोरस, विटामिन C, और निकोटिनिक एसिड, जो बालों की सेहत को बेहतर बनाते हैं। यह बालों की बढ़त को बढ़ावा देने, बालों के झड़ने को रोकने, और बालों को मजबूत बनाने में मदद करता है। ऐसे में आप बिना ज्यादा सोच-विचार के अपने बालों में मेथी दाना इस्तेमाल कर सकते हैं।

बालों में मेथी इस्तेमाल करने के फायदे

मेथी दाना बालों की जड़ों को मजबूत करता है और बालों के झड़ने को रोकता है। इसमें प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड होता है, जो बालों की बढ़त को तेज करता है। ऐसे में यदि आपके बालों की ग्रोथ रुकी हुई है तो मेथी दाना का इस्तेमाल करें। इसके साथ-साथ मेथी के इस्तेमाल से आप स्कैल्प की रूसी खत्म कर सकते हैं। ये स्कैल्प को साफ करने का भी काम करता है।

दरअसल, मेथी दाना में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो सिर की त्वचा को स्वस्थ बनाए रखते हैं। इसके अलावा इसके इस्तेमाल से बालों को नमी मिलती है, जिससे बालों का रूखापन दूर हो जाता है। इसका इस्तेमाल आप कई तरीके से कर सकते हैं।

मेथी दाना पेस्ट

इसका पेस्ट बनाने के लिए सबसे पहले एक चम्मच मेथी दाना को रातभर पानी में भिगोकर रखें। अगले दिन उसे अच्छे से पीस लें और उसमें एक चम्मच दही मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को स्कैल्प और बालों पर लगाएं और 30-45 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। मेथी का पेस्ट सिर को साफ करते हुए बालों को मजबूत बनाएगा।

मेथी दाना तेल

यदि आपको बालों में तेल लगाने से आपत्ति नहीं है तो सबसे पहले मेथी दाने को नारियल तेल या जैतून तेल में डालकर हल्का गर्म करें। तेल को ठंडा होने पर इसे बालों की जड़ों में अच्छे से मसाज करें। आप रात भर के लिए बालों में ये तेल छोड़ सकते हैं। सुबह उठने के बाद बाल धो लें।

मेथी दाना पानी

मेथी दाना का इस्तेमाल करने के लिए ये सबसे आसान तरीका है। इसके लिए आपको सिर्फ मेथी दाना को रातभर पानी में भिगोकर सुबह उस पानी को पीना है। इससे बालों की आंतरिक मजबूती बढ़ेगी और बाल मजबूत बनेंगे।

इस्तेमाल के समय रखें ध्यान

वैसे तो मेथी दाने का उपयोग नियमित रूप से कर सकते हैं, लेकिन अगर किसी प्रकार की एलर्जी हो तो इसे बंद कर दें। मेथी दाने का सेवन या पैक लगाने से पहले पैच टेस्ट करना अच्छा रहता है, ताकि स्किन पर रिएक्शन न हो।