नई दिल्ली : अगर आप भी हवाई यात्रा करने जा रहे हैं तो आपके लिए ये जानना जरूरी हो जाता है कि इन दिनों इनके टिकट काफी महंगे मिल रहे हैं। यहां जानेंगे कि इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं जिसकी वजह से टिकट के दामों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
बात जब किसी सफर पर जाने की आती है तो व्यक्ति ऐसे वाहन से जाना पसंद करता है जिससे उसका समय बचे। इसके लिए लोग ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक से सफर करते हैं। बात अगर हवाई यात्रा की करें तो जहां इससे सफर करने पर समय बचता है तो वहीं, कई तरह की सुविधाएं भी यात्रियों को मिलती है। लेकिन अगर इन दिनों आप फ्लाइट से यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं तो आपको इसके लिए आम दिनों से ज्यादा दाम चुकाने पड़ सकते हैं। तो चलिए जानते हैं आखिर किन कारणों की वजह से हवाई यात्रा महंगी हो रही है और फ्लाइट के दाम कितने बढ़े हैं। अगली स्लाइड्स में आप इस बारे में जान सकते हैं…
कितने बढ़े हैं दाम?
फ्लाइट के दाम में जो बढ़ोतरी हुई है वो काफी ज्यादा नजर आती है। अगर बीते दिन 4 दिसंबर की बात करें तो यहां पर यात्रियों को दिल्ली से मुंबई जाने के लिए 31 हजार रुपये से भी ज्यादा के दाम चुकाने पड़ रहे थे। दिल्ली से मुंबई तक का सफर लगभग 2 से ढाई घंटे के बीच का रहता है जिसके लिए कई एयरलाइंस 21 हजार तो कई 31 हजार रुपये तक ले रही थी।
आज क्या है किराया?
जिस तरह से बीते दिन के टिकट के दाम काफी ज्यादा थे, तो उसी तरह से आज यानी 5 दिसंबर 2024 के दाम भी कोई कम नहीं है। यहां भी कई एयरलाइंस वाले दिल्ली से मुंबई तक के सफर के लिए 17 हजार रुपये तक ले रहे हैं।
वहीं, अगर आज ही के दिन आपको मुंबई से दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़नी है तो इसके लिए कई एयरलाइंस 22 हजार रुपये से भी ज्यादा वसूल रही हैं। ऐसे में यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं क्योंकि आम दिनों से ये किराया काफी ज्यादा नजर आ रहा है।
क्यों हो रहे हैं फ्लाइट टिकट महंगे?
फ्लाइट के टिकट महंगे होने के पीछे जो वजह बताई जा रही है उसमें तेल कंपनियों द्वारा एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ का महंगा होना है। दरअसल, तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल के दाम बढ़ा दिए हैं जिसके कारण माना जा रहा है कि एयरलाइंस कंपनियों ने हवाई किराए में बढ़ोतरी की है।
तेल कंपनियों ने 1 दिसंबर 2024 से एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में 13,181.2 रुपये प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की है। ऐसे में अब जहां दिल्ली में एटीएफ की कीमत 91,856.84 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है, तो वहीं मुंबई में 85,861.02 रुपये प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
