नई दिल्ली : सर्दियां शुरू हो गई हैं। ऐसे में लोगों ने अपने घरों के गीजर भी सही करा लिए हैं। इस मौसम में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो ठंडे पानी से नहाता हो। इस मौसम में नहाने से लेकर बाकी अन्य कामों के लिए भी लोग गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं।
भले ही सर्दी के मौसम में गर्म पानी का इस्तेमाल लोगों को काफी राहत पहुंचाता है लेकिन इसका सबसे ज्यादा नुकसान त्वचा और बालों पर होता है। जी हां, भले ही आपको ये सुनने में अजीब लगे लेकिन बालों और त्वचा के लिए गर्म पानी काफी नुकसानदायक है। यहां हम आपको इसी बारे में जानकारी देने जा रहे हैं कि गर्म पानी के इस्तेमाल से आपको क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।
त्वचा का रूखापन
गर्म पानी त्वचा की प्राकृतिक नमी और तेल को छीन लेता है, जिससे त्वचा रूखी और खुरदरी हो सकती है। कई बार तो त्वचा का रूखापन इतना बढ़ जाता है कि त्वचा में चटकन तक आने लगती है।
त्वचा का लाल होना
अगर पानी बहुत ज्यादा गर्म हो तो त्वचा झुलस सकती है या जलन महसूस हो सकती है। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों के लिए यह और भी खतरनाक हो सकता है। ऐसे में ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गर्म न हो।
खुजली होना
जब त्वचा काफी रूखी हो जाती है तो इसपर खुलजी होना काफी आम बात है। ऐसे में यदि आप गर्म पानी से नहा रहे हैं तो त्वचा को मॉइश्चराइज करने का ध्यान अवश्य रखें। यदि आप ऐसा नहीं करेंगे तो इससे त्वचा में खुजली होने लगेगी।
बालों का झड़ना
गर्म पानी आपके बालों को कमजोर बना देता है। ऐसे में ये कोशिश करें कि इससे बाल न धोएं, वरना बाल कमजोर होने की वजह से अपने आप ही टूटने लगेंगे।
बालों में रूसी का होना
गर्म पानी बालों की जड़ों का प्राकृतिक तेल खत्म कर देता है, जिससे बाल ड्राई और बेजान हो जाते हैं। बाल टूटने और रूसी की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में बाल हमेशा ठंडे पानी से ही धोएं।
