नई दिल्ली : आप ऑफिस जाने के लिए कार लेकर निकलते हैं। अचानक आपकी कार चलते-चलते बंद हो जाती है। जांच करने के बाद आपको पता चलता है कि कार के कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। वहीं जब आप अच्छे से इसके पीछे की वजह के बारे में पता लगाते हैं तो आपको पता चलता है कि इस खराबी के पीछे की वजह चूहे हैं।
कई बार कार के इंजन या बाकी जगहों में चूहे घुस जाते हैं और वहीं अपना घर बना लेते हैं। इस दौरान कभी वे वायरिंग को कुतरते हैं तो कभी कार के किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ छेड़-छाड़ करते हैं। इससे कार में कई तरह की दिक्कतें आ जाती हैं, जिसका बुरा असर कार मालिक की जेब पर पड़ता है। इस तरह की समस्या आज के समय काफी आम हो चुकी है। अगर आपको भी इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो यह खबर खास आपके लिए है। आज हम आपको उन जरूरी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप इस समस्या से निजात पा सकते हैं।
पार्किंग
आपको अपनी कार को ऐसी जगह पर पार्क करने से बचना चाहिए जहां खूब सारी झाड़ियां हैं। उन जगहों पर भी कार को पार्क न करें जहां पर डस्टबिन रखा है। इन जगहों पर चूहों के होने की संभावना काफी अधिक रहती है। ये चूहे आपकी कार के अंदर घुस सकते हैं। कार को हमेशा साफ सुथरी जगह पर पार्क करना चाहिए।
पिपरमेंट का तेल
कहा जाता है कि पिपरमेंट तेल की गंध चूहों को पसंद नहीं होती है। अपनी कार को चूहों से सेफ रखने के लिए आप इसको इस्तेमाल में ला सकते हैं। इसमें आपको रूई के कुछ छोटे-छोटे गोले बनाने हैं।
इसके बाद आपको इन गोलों के ऊपर थोड़ा पिपरमेंट का तेल डालना है। यह करने के बाद इन गोलों को कार में अलग-अलग कोनों में रख दें जहां से चूहे कार के अंदर आ सकते हैं। इस प्रक्रिया को आपको कुछ दिनों के बाद दोबारा से दोहराना है।
पेस्ट रेपेलर डिवाइस
इसके अलावा कई बार चूहे कार के इंजन के अंदर घुस जाते हैं। ऐसी समस्या से निजात पाने के लिए आप बाजार से कुछ खास तरह के डिवाइस को खरीद सकते हैं जो अल्ट्रासाउंड वेव की मदद से चूहों को कार के अंदर से भगाने का काम करते हैं। हालांकि, इस डिवाइस को कार में इंस्टॉल करवाने से पहले किसी विशेषज्ञ की मदद जरूर लें।
